देश

मां की लंबी उम्र के लिए 19 साल का बेटा लगा रहा दौड़, 236 दिनों में तय किया हजारों किलोमीटर का सफर; 10 ज्योतिर्लिंगों के किए दर्शन

उज्जैन: मां की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना लेकर बिहार का 19 वर्षीय युवक करीब 15 हजार किलोमीटर की अनोखी धार्मिक यात्रा पर निकला है। पटना जिले की चिल्बिली पंचायत के रहने वाले मोनू राज चौहान दौड़ते और पैदल चलते हुए देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच रहे हैं। 236 दिनों की लगातार यात्रा के बाद वह मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल होकर मां की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। सोशल मीडिया पर ‘ब्लैक पैंथर’ के नाम से पहचान बनाने वाले मोनू राज की इस यात्रा की काफी चर्चा हो रही है।

मां की बीमारी के बाद लिया था कठिन संकल्प

मोनू राज की इस यात्रा के पीछे मां के प्रति उनका गहरा लगाव है। कुछ साल पहले उनकी मां के गले में मछली का कांटा फंस गया था, जिसके बाद उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। परिवार ने करीब छह वर्षों तक उनके इलाज के लिए लगातार प्रयास किए। इस दौरान आर्थिक परेशानियों के साथ कर्ज का सामना भी करना पड़ा।

इसी मुश्किल दौर में मोनू राज ने अपने घर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित एक शिव मंदिर में जाकर मन्नत मांगी थी। उन्होंने संकल्प लिया था कि यदि उनकी मां पूरी तरह स्वस्थ हो जाती हैं तो वह देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चार धामों की यात्रा दौड़ते और पैदल चलते हुए पूरी करेंगे।

15 मार्च 2026 को शुरू की धार्मिक यात्रा

मां की सेहत में सुधार होने के बाद मोनू राज ने अपनी मन्नत पूरी करने के लिए यात्रा शुरू कर दी। उन्होंने 15 मार्च 2026 को सफर की शुरुआत की। इसके बाद लगातार दौड़ते और पैदल चलते हुए अलग-अलग राज्यों के धार्मिक स्थलों तक पहुंचे। कई मुश्किल रास्तों को पार करते हुए 236 दिनों में वह अब तक 10 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं।

इस यात्रा में उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम से लेकर मल्लिकार्जुन और रामेश्वरम सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए।

इन ज्योतिर्लिंगों में भी किए दर्शन

मोनू राज ने भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर, घृष्णेश्वर, परली वैजनाथ, औंढा नागनाथ और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के भी दर्शन किए। इसके अलावा उन्होंने जगन्नाथ पुरी में भगवान के दर्शन किए।

उज्जैन पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले प्राचीन शनि मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल हुए। शहर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत भी किया।

माता-पिता और धर्म की सेवा को मानते हैं अपना उद्देश्य

मोनू राज का कहना है कि वह ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं, लेकिन माता-पिता और धर्म की सेवा करना जानते हैं। उनके लिए यह सफर सिर्फ धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि मां के प्रति प्रेम और कृतज्ञता जताने का माध्यम भी है।

कम उम्र में हजारों किलोमीटर की कठिन यात्रा का संकल्प लेकर लगातार आगे बढ़ रहे मोनू राज अपनी इच्छाशक्ति और मां के प्रति समर्पण की वजह से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

अब 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम पूरे करने का लक्ष्य

उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मोनू राज यात्रा के अगले पड़ाव के लिए रवाना होंगे। उनका लक्ष्य देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने के साथ चार धाम की यात्रा पूरी करना है। मां की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना से शुरू हुआ उनका यह सफर अब तक हजारों किलोमीटर का पड़ाव पार कर चुका है। मंजिल तक पहुंचने के लिए उनका संकल्प लगातार जारी है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be