विदेश

बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना? पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए किया आवेदन, प्रत्यर्पण की मांग के बीच बढ़ी हलचल

नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अपने देश लौटने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी दूतावास से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) जारी करने का अनुरोध किया है। अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हिंसक विद्रोह और जनआक्रोश के बाद भारत आने के बाद दूतावास से उनका यह पहला औपचारिक संपर्क बताया जा रहा है। गौरतलब है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार पहले ही भारत से उनका प्रत्यर्पण करने की मांग कर चुकी है।

वकीलों ने बांग्लादेशी दूतावास को सौंपा औपचारिक पत्र

लंदन स्थित मैट्रिक्स चैंबर्स के कानूनी प्रतिनिधियों ने नई दिल्ली में बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को एक औपचारिक पत्र सौंपा है। इसमें शेख हसीना के लिए नए यात्रा दस्तावेज और राष्ट्रीय पहचान पत्र जल्द जारी करने का अनुरोध किया गया है।

पत्र में उन खबरों का हवाला दिया गया है, जिनमें कहा गया है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शेख हसीना के मौजूदा दस्तावेज रद्द कर दिए हैं। उनके वकीलों ने उनकी बांग्लादेशी नागरिकता और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के तहत बांग्लादेश सरकार की जिम्मेदारियों का भी उल्लेख किया है।

दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की चर्चा

रिपोर्टों के मुताबिक, शेख हसीना दिसंबर में बांग्लादेश लौटकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने की योजना बना रही हैं। हालांकि, उनकी संभावित वापसी से देश में राजनीतिक और कानूनी विवाद बढ़ सकते हैं।

नवंबर 2025 में बांग्लादेश की एक अदालत ने 2024 के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसक कार्रवाई से जुड़े मामले में शेख हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड की सजा सुनाई थी। ऐसे में उनकी वापसी को लेकर कई तरह की कानूनी चुनौतियां सामने आ सकती हैं।

अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं शेख हसीना

शेख हसीना को अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़ना पड़ा था। जून 2024 में सरकारी नौकरियों में स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण व्यवस्था के विरोध में छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह आंदोलन देशव्यापी जनआंदोलन में बदल गया और सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन होने लगे।

आखिरकार 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद वह सैन्य विमान से भारत आ गईं। उनके सत्ता से हटने के बाद उनकी पार्टी अवामी लीग पर बांग्लादेश में प्रतिबंध लगा दिया गया।

 

--------------------------------------------------------------------------------------------------- https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be