राजनीति

जेल से बाहर आते ही आजम खान के बागी तेवर, बोले- अब चुनाव नहीं, इंकलाब होगा; रामपुर पहुंचने पर समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद रामपुर स्थित अपने आवास पहुंचे। उनके घर पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर स्वागत किया। इस दौरान ‘आजम खान जिंदाबाद’ और ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ के नारे गूंजते रहे। जेल से बाहर आने के बाद आजम खान ने राजनीतिक हालात, भाजपा, जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने चुनाव की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब जाति और धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर चुनाव होना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने अपने अंदाज में कहा, ‘चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा।’

भाजपा पर निशाना, चुनावी जीत पर उठाए सवाल

रामपुर स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान आजम खान ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का सफाया हो चुका है। लोकसभा और विधान परिषद चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिन सीटों पर जीत हासिल की, वे भी गलत तरीकों से जीती गईं। उनके इस बयान को जेल से रिहाई के बाद उनके राजनीतिक तेवर के तौर पर देखा जा रहा है।

संवैधानिक संस्थाओं की साख को लेकर कही बड़ी बात

आजम खान ने संविधान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके जैसे लोग संविधान के लिए अपनी जान देने को तैयार हैं। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं से अपनी प्रतिष्ठा में आ रही गिरावट को स्वीकार करने और अपनी साख बचाने की अपील की। अपने खिलाफ हुई कार्रवाई और माफिया कहे जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल किया कि क्या वह माफिया हैं? उनका कहना था कि उन्होंने बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूल खोले और विश्वविद्यालय स्थापित किया। ऐसे व्यक्ति को माफिया कहा जाना सोचने का विषय है।

ईडी और जांच एजेंसियों पर भी कसा तंज

जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए आजम खान ने मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे मामलों का जिक्र किया। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि यदि ऐसे मामलों में लोगों को ईडी का दोषी माना जा सकता है, तो वह भगवान से दुआ करेंगे कि हर गली में ऐसा मुर्गी चोर हो, जो विश्वविद्यालय स्थापित कर सके।

उन्होंने शिक्षाविद् मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि उनके समय में ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाएं होतीं, तो शायद उन्हें भी जेल जाना पड़ता और वे विश्वविद्यालय स्थापित नहीं कर पाते।

अखिलेश यादव ने रिहाई पर जताई खुशी

आजम खान की जेल से रिहाई पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी खुशी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आजम खान की रिहाई से न्याय पर भरोसा मजबूत हुआ है। अखिलेश ने यह भी टिप्पणी की कि जब जुल्म और ज्यादती अपनी हद पार कर जाती है, तो समझ लेना चाहिए कि सत्ता में बैठे लोगों का अंत करीब है।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली अंतरिम जमानत

आजम खान को एक नवंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जिला जेल भेज दिया गया था। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को इस मामले में उन्हें अंतरिम जमानत दे दी थी।

बुधवार को उनके वकीलों ने गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में रिहाई का आवेदन दाखिल किया। इसके बाद अदालत ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानती बॉन्ड जमा कराने की शर्त पर उनकी रिहाई का आदेश जारी किया। इस मामले में अगली सुनवाई के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 10 दिसंबर की तारीख तय की है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be