रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह की तैयारियों हेतु कुलपति की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

बरेली,06 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के आगामी 4 अगस्त, 2026 को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह को सफल एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कुलपति कार्यालय के ऊपर स्थित सभागार में कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव, कुलसचिव श्री महेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी श्री विनोद कुमार, डीन एकेडमिक्स प्रोफेसर एस.के. पाण्डेय, चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर रवीन्द्र सिंह के साथ-साथ दीक्षांत समारोह हेतु गठित सभी समितियों के संयोजक एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कुलपति महोदय ने सर्वप्रथम सभी समितियों के संयोजकों से उनके द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। प्रत्येक समिति ने अपनी तैयारियों से अवगत कराया, जिसमें स्वागत, आयोजन स्थल, मंच सज्जा, अनुशासन, मेडल/डिग्री वितरण, अतिथि आवास, मीडिया कवरेज, साउंड-व्यवस्था, ऑनलाइन प्रसारण, चिकित्सा व्यवस्था, जिला प्रशासन से समन्वय तथा अन्य सभी आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।
कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने सभी संयोजकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने दायित्वों को समयबद्धता एवं पूर्ण गंभीरता के साथ निभाएं। साथ ही, उन्होंने मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि चूंकि कार्यक्रम के दौरान बारिश की संभावना है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं वैकल्पिक एवं आपातकालीन स्थितियों को ध्यान में रखकर अग्रिम रूप से तैयार रखी जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी स्थिति में समारोह की गरिमा एवं अनुशासन प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने कहा कि “महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह हमारे लिए अत्यंत गौरव का अवसर है। हम सभी प्रयासरत हैं कि यह आयोजन अत्यंत व्यवस्थित, भव्य एवं स्मरणीय बने। सभी समितियों ने सराहनीय कार्य किया है, और मुझे विश्वास है कि हम मिलकर इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न करेंगे। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आमंत्रित अतिथियों के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है, अतः हम किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए पूर्णतः सजग हैं। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं समिति सदस्यों के सक्रिय सहयोग की मुझे पूर्ण उम्मीद है।”
बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी, डीन एकेडमिक्स, चीफ प्रॉक्टर, सभी संकायाध्यक्ष, विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
