Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रणथंभौर में बीच सड़क पर सो गया टाइगर, देखने पहुंचीं 30 जीपें तो लग गया लंबा ट्रैफिक जाम

रणथंभौर, राजस्थान: जंगल सफारी के दौरान बाघ का दिख जाना पर्यटकों के लिए खास अनुभव होता है, लेकिन रणथंभौर नेशनल पार्क में एक बाघ के बीच सड़क पर आराम करने से ऐसा नजारा सामने आया, जिसने सफारी को यादगार बना दिया। बाघ के सड़क पर लेटने के कारण करीब 30 जीपें उसके उठने का इंतजार करती रहीं और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया।

बीच सड़क पर आराम फरमाता दिखा टाइगर

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक टाइगर जंगल के बीच सड़क पर आराम से लेटा नजर आ रहा है। शाम ढलने के दौरान बाघ ने सड़क को ही आराम करने की जगह बना लिया और आसपास मौजूद सफारी वाहनों से उसे कोई फर्क पड़ता नहीं दिखा।

इटली की पर्यटक ने कैमरे में कैद किया नजारा

यह वीडियो इटली की एलेना ने बनाया। वह रणथंभौर नेशनल पार्क में जंगल सफारी पर थीं, तभी उन्हें यह नजारा देखने को मिला। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा कि यह बिल्कुल क्लासिक इंडिया वाला नजारा है, जहां बाघ की वजह से ट्रैफिक जाम लग गया।

एक दिन में दिखे 3 टाइगर, एक ने रोक दिया रास्ता

एलेना के मुताबिक, उस दिन उन्हें सफारी के दौरान कुल तीन टाइगर दिखाई दिए। इनमें से एक टाइगर ने बीच सड़क पर लेटकर सभी का रास्ता रोक दिया। करीब 30 जीपें उसके उठने का इंतजार करती रहीं। कुछ ही देर में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार नजर आने लगी।

50 डॉलर की सफारी में मिला यादगार अनुभव

एलेना ने इस पूरे अनुभव को जीवनभर याद रहने वाला पल बताया। उन्होंने बताया कि सफारी के लिए 50 डॉलर खर्च किए गए थे और जंगल में टाइगर दिखेगा, इसकी कोई गारंटी नहीं थी। इसके बावजूद उन्हें एक ही सफारी में तीन टाइगर देखने को मिले और एक टाइगर को सड़क पर आराम करते देखने का अनोखा मौका भी मिला।

वीडियो पर लोगों ने किए मजेदार कमेंट

वीडियो सामने आने के बाद लोग टाइगर के अंदाज पर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि शायद टाइगर कह रहा है कि तुम लोग मेरे पीछे इतने ज्यादा क्यों पड़े हो, फोटो खिंचवाते-खिंचवाते थक गया हूं, थोड़ी देर आराम करने दो। कुछ लोगों ने टाइगर के इस अंदाज को टाइगर योगा भी बताया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------