रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में आगामी दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

बरेली,19जून। महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह को भव्य एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने कल कुलपति कार्यालय स्थित समिति कक्ष में सभी संकाय अध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य दीक्षांत समारोह की तैयारियों का जायजा लेना एवं सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करना था ।

बैठक में कुलपति महोदय ने जन भवन, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुसार दीक्षांत समारोह आयोजित करने के संबंध में सभी को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। इस आयोजन की सफलता के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर 32 विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिन्हें भिन्न-भिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गठित समितियों में स्वागत समिति, आयोजन स्थल एवं मंच पर कुर्सी, सोफा, इमेज, फाइल, स्मृति चिन्ह, मोमेंटो, मुद्रण सामग्री, भाषण कार्यक्रम, वितरण बुकलेट आदि की व्यवस्था समिति, माला, बुके, पर्यावरण, मंच सज्जा, राष्ट्रगान एवं कुलगीत समिति, बैनर, झंडू एवं सड़क सफाई, कलम की व्यवस्था समिति, अनुशासन व्यवस्था समिति, विशिष्ट अतिथियों के कांफ्रेंस हॉल में बैठने की व्यवस्था समिति, मेडल एवं डिग्री पाने वाले छात्रों के बैठने की व्यवस्था समिति, रॉबिन टेंट में गाउन की व्यवस्था समिति, डिग्री वितरण समिति, पत्र लेखन समिति, मेडल एवं ड्रेस कोड तैयार करने की समिति सहित अन्य समितियां शामिल हैं।
बैठक के दौरान विश्वविद्यालय के नवगठित सेंट्रल मेंटेनेंस सेल के डॉ. अतुल कटियार एवं प्रोफेसर दीपक राणा द्वारा हाल ही में आई तेज आंधी के कारण विश्वविद्यालय परिसर में अनेकों पेड़ एवं बिजली के खंभे गिर जाने के बाद अतिशीघ्र बिजली व्यवस्था एवं वाई-फाई लाइनों को सुचारु करने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की गई। आंधी के कारण बड़ी संख्या में पेड़ों के क्षतिग्रस्त हो जाने से बिजली तथा वाई-फाई लाइनों की तारें भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव, वित्त अधिकारी श्री विनोद कुमार, उपकुलसचिव श्रीमती सुनीता यादव एवं ममता सिंह, डीन एकेडमिक्स प्रोफेसर एस.के. पांडे, मुख्य प्रॉक्टर प्रोफेसर रवींद्र सिंह, डी.एस.डब्ल्यू. प्रोफेसर विनय ऋषिवाल, डीन प्रौद्योगिकी संकाय प्रोफेसर अर्चना गुप्ता, प्रोफेसर जे एन मौर्य, प्रोफेसर तूलिका सक्सेना सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे ।
कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने कहा कि “आगामी दीक्षांत समारोह हमारे विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव है। विश्वविद्यालय प्रशासन इस अवसर को यादगार एवं अनुशासित बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। सभी 32 समितियां अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बखूबी कर रही हैं। हम चाहते हैं कि यह समारोह न केवल विद्यार्थियों बल्कि सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के लिए एक गौरवपूर्ण अनुभव हो।”
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
