रालोद में महिलाओं की भागीदारी पर अनुपम मिश्रा का जोर, बोले- आधी आबादी को सिर्फ संख्या नहीं, निर्णय और नेतृत्व में भी मिले पूरा हक

लखनऊ: राष्ट्रीय लोकदल की ओर से शुक्रवार को बौद्ध शोध संस्थान सभागार, विपिन खंड, गोमती नगर में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा रहे। सामाजिक कार्यकर्ता रमा सोती ने अपने हजारों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया।

चौधरी चरण सिंह और अजीत सिंह को किया गया याद
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न चौधरी चरण सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
महिलाओं की भागीदारी निर्णय और नेतृत्व में भी हो- अनुपम मिश्रा
अनुपम मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसान, मजदूर, युवा, महिला और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी को महत्व देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में पार्टी लगातार अपने जनाधार का विस्तार कर रही है और अपनी विचारधारा व मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच अपनी स्वीकार्यता और जनसंपर्क को मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि संगठन की यही ताकत उसे बूथ स्तर तक मजबूत करने में मदद कर रही है और इसी आधार पर भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार किया जा रहा है। महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें पर्याप्त अवसर और मंच उपलब्ध कराना जरूरी है।
अनुपम मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी केवल संख्या तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया और सामाजिक एवं राजनीतिक नेतृत्व में भी उनकी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जेन ज़ी, महिलाओं और बुद्धिजीवी वर्ग में भी राष्ट्रीय लोकदल के प्रति रुचि और जुड़ाव बढ़ रहा है, जो संगठन के बदलते सामाजिक विस्तार को दर्शाता है।
किसान, गांव और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की विचारधारा पर जोर
अनुपम मिश्रा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा में किसान, गांव, गरीब, मजदूर और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सम्मान तथा सशक्तिकरण को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त था। इसी सामाजिक सरोकार की भावना के साथ महिलाओं समेत समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका मिले- परिणीता सिंह
रालोद उत्तर प्रदेश महिला प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह ने कहा कि महिलाओं को केवल संगठन की संख्या बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका देने के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, स्वावलंबन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए महिला संगठन लगातार काम करेगा।
रमा सोती ने समर्थकों के साथ ग्रहण की सदस्यता
-------------------------------------------------------------------------------------------
सदस्यता ग्रहण करने के बाद रमा सोती ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से अयोध्या की रहने वाली हैं और उनका ससुराल बिजनौर के ऐतिहासिक सोती परिवार में है। उनके पड़ बाबा ससुर राय बहादुर हरबंश लाल सोती बिजनौर के शुरुआती राजनेताओं में रहे और नगर पालिका के प्रथम अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों के पुनर्वास और बिजनौर जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रमा सोती ने कहा कि इसी सामाजिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने पिछले एक दशक से महिलाओं के साथ रोजगार, जागरूकता और स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में काम किया है। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए गए हैं।
सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए संवाद जरूरी- रमा सोती
रमा सोती ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संवाद जरूरी है। इसी उद्देश्य से वह लंबे समय से लोगों के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने और उन्हें मार्गदर्शन देने का प्रयास करती रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के माध्यम से अपने सामाजिक कार्यों को और व्यापक स्तर तक ले जाने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना भी जरूरी है, ताकि वे अपने जीवन-यापन का स्तर बेहतर कर सकें और समाज में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।
शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता में महिला भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा
कार्यक्रम में महिला भागीदारी और सामाजिक सशक्तिकरण को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समाज के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
बड़ी संख्या में समर्थकों ने ली रालोद की सदस्यता
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि रमा सोती के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी रही। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों को संगठन के साथ जोड़ना और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संगठन को और मजबूत करना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, वसीम हैदर, पूर्व प्रदेश कार्यालय प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव रामावती तिवारी, पूर्व प्रदेश महासचिव आरपी सिंह, चंद्रकांत अवस्थी, इजहार अहमद शाह, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय, जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी, प्रोफेशनल मंच के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सर्वेश त्रिपाठी, श्रीश चंद्र श्रीवास्तव, मोहम्मद अलीम, शाहनवाज खान, मोहसिन रजा, मंजू शुक्ला और लीला श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं, महिला प्रतिनिधियों और रमा सोती के बड़ी संख्या में समर्थकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और सदस्यता ग्रहण की।
SEO Keywords: राष्ट्रीय लोकदल, RLD, अनुपम मिश्रा, रमा सोती, लखनऊ रालोद कार्यक्रम, रालोद सदस्यता अभियान, महिलाओं की भागीदारी, महिला सशक्तिकरण, चौधरी जयंत सिंह, चौधरी चरण सिंह, RLD News, Lucknow News, रालोद उत्तर प्रदेश, महिला नेतृत्व, जेन जी RLD, राजनीतिक खबरें

