जापान-सिंगापुर दौरे से लौटते ही सीएम योगी ने दिया होली गिफ्ट, सलाहकार अवनीश अवस्थी को 28 फरवरी 2027 तक सेवा विस्तार

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पांच दिवसीय सिंगापुर और जापान दौरे से शुक्रवार को वापसी के साथ ही प्रशासनिक गलियारों में बड़ा फैसला सामने आया। मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी को एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। होली से पहले मिले इस फैसले को उनके लिए बड़े तोहफे के तौर पर देखा जा रहा है।

चौथी बार बढ़ाया गया कार्यकाल
अवनीश अवस्थी के सलाहकार के रूप में कार्यकाल को चौथी बार बढ़ाया गया है। वर्ष 2022 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें प्रशासनिक मामलों में सलाह देने के लिए मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया था। तब से वह लगातार इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।
28 फरवरी 2027 तक देंगे सेवाएं
उत्तर प्रदेश कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी रहे अवनीश अवस्थी अब 28 फरवरी 2027 तक मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया गया है, जिसके बाद उनका कार्यकाल निर्धारित तिथि तक प्रभावी रहेगा।

सीएम के सबसे भरोसेमंद अफसरों में शुमार
पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी को मुख्यमंत्री के सबसे भरोसेमंद और करीबी अधिकारियों में गिना जाता है। प्रशासनिक तंत्र में उनकी पकड़ और अनुभव के चलते उन्हें सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों में अहम भूमिका निभाते हुए देखा जाता रहा है। रिटायरमेंट के बाद भी सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री का प्रशासनिक सलाहकार नियुक्त किया और तब से वह इसी पद पर कार्यरत हैं।
रिटायरमेंट से पहले संभाले थे अहम विभाग
अवनीश अवस्थी 31 अगस्त 2022 को सेवानिवृत्त हुए थे। उस समय उनके पास अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं गोपन और नागरिक उड्डयन विभाग की जिम्मेदारी थी। मुख्यमंत्री के पहले कार्यकाल के दौरान वह गृह और सूचना विभाग में प्रमुख सचिव के पद पर भी तैनात रहे थे।
