उत्तर प्रदेश

दिल्ली-एनसीआर में चमकी अयोध्या की निशानेबाज: आरटीओ ऋतु सिंह ने जीता स्वर्ण, 425 खिलाड़ियों वाली शूटिंग चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन

नई दिल्ली/फरीदाबाद। दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद में आयोजित द्वितीय तप स्पोर्ट्स शूटिंग चैम्पियनशिप 2026 में अयोध्या की आरटीओ ऋतु सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल अयोध्या बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

13 से 19 अप्रैल तक चला आयोजन, देशभर के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

टीम इंडिया के कोच दीपक दुबे के मार्गदर्शन में 13 से 19 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों—जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश से 425 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन बड़े स्तर पर किया गया, जिसमें उभरते और अनुभवी दोनों तरह के निशानेबाजों को मंच मिला।

ऋतु सिंह को गोल्ड मेडल और सम्मान, इंटरनेशनल स्तर के लिए किया प्रेरित

स्वर्ण पदक जीतने के बाद कोच दीपक दुबे ने ऋतु सिंह को मेडल, मोमेंटो और डायरी देकर सम्मानित किया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। ऋतु सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया और कहा कि शूटिंग एक ऐसा खेल है जो मानसिक आत्मबल को मजबूत करता है। उन्होंने खेलो इंडिया नीति और अयोध्या मंडल प्रशासन का भी आभार जताया।

अन्य वर्गों में भी खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता में ISSF राइफल कैटेगरी में राजस्थान के दिव्यांश सिंह पंवार ने ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ का खिताब जीता। वहीं नोएडा की संगीता सिंह ने रजत और आंध्र प्रदेश के भानु प्रणीत ने जूनियर राइफल वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

ISSF राइफल कैटेगरी में भानु प्रणीत ने स्वर्ण और अंश डबास ने रजत पदक जीता। ISSF पिस्टल वर्ग में फरीदाबाद के अनमोल जैन ने स्वर्ण और साहिबदिल ने रजत पदक अपने नाम किया। NR पिस्टल वर्ग में सागर तोमर को स्वर्ण और उत्सव मलिक को रजत पदक मिला।

मास्टर, पैरा और डेफ कैटेगरी में भी दिखा शानदार प्रदर्शन

मास्टर महिला (NR पिस्टल) वर्ग में गुवाहाटी की डॉली काकोटी ने स्वर्ण, फरीदाबाद की प्रियंका पराशर ने रजत और अयोध्या की पूजा दुबे ने कांस्य पदक जीता। पैरा और डेफ वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें राजस्थान के हकमुद्दीन खान, तमिलनाडु के संजीव संतोष गिरी और प्रणव तिवारी जैसे खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल किए।

उभरते खिलाड़ियों ने भी दिखाया दम

अंडर-12 वर्ग में ऋषि गौर और गीतांशी चौधरी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं टीम स्पर्धा में जूनियर पुरुष एयर पिस्टल टीम (दीपांशु दुबे टीम) ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

आयोजन को मिला मजबूत सहयोग, शूटिंग के बड़े मंच के रूप में उभरा टूर्नामेंट

प्रतियोगिता के टेक्निकल डेलीगेट दीपक दुबे और निदेशक विपिन मदान रहे। आयोजन को विभिन्न संस्थाओं का सहयोग प्राप्त हुआ। इस मौके पर कई कोच और खिलाड़ी भी मौजूद रहे। आयोजन ने देश के उभरते निशानेबाजों को मंच देने के साथ शूटिंग स्पोर्ट्स को नई दिशा देने का काम किया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------