Featured NewsTop Newsदेश

BRICS शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली में बड़ी बैठक, पर्यावरण से लेकर जंगल की आग तक इन 4 मुद्दों पर होगा फोकस

नई दिल्ली: BRICS शिखर सम्मेलन से पहले भारत की अध्यक्षता में BRICS देशों के पर्यावरण मंत्रियों की अहम बैठक 18 अगस्त को दिल्ली में होगी। बैठक में सतत जीवनशैली, वनीकरण और जंगल की आग के प्रबंधन, पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए चक्रीय अर्थव्यवस्था और जलवायु अनुकूलन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक के बाद इन विषयों पर साझा बयान भी जारी किया जा सकता है।

बैठक से पहले वरिष्ठ अधिकारियों की चर्चा

सरकार के मुताबिक, पर्यावरण मंत्रियों की बैठक से एक दिन पहले 17 अगस्त को पर्यावरण कार्य समूह और जलवायु परिवर्तन एवं टिकाऊ विकास से जुड़े संपर्क समूह के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक होगी। यह पूरा कार्यक्रम भारत की 2026 की BRICS अध्यक्षता की मुख्य थीम ‘सुदृढ़ता, नवाचार, सहयोग व सतत विकास’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।

बैठक का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में BRICS सदस्य देशों की सामूहिक प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाना है। इसके लिए साझा प्राथमिकताओं और सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर विचार किया जाएगा।

चक्रीय अर्थव्यवस्था पर जोर

बैठक में चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत और नियामक ढांचे पर चर्चा होगी। इसके तहत ‘विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व’ जैसे उपायों के जरिए प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

इसका उद्देश्य सदस्य देशों में बेहतर प्रथाओं को साझा करना और संसाधनों के अधिक कुशल इस्तेमाल के साथ समानता सुनिश्चित करना है। चक्रीय अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ने के लिए इसे महत्वपूर्ण नीतिगत साधन के रूप में देखा जा रहा है।

जंगल की आग से निपटने की रणनीति

BRICS बैठक में जंगल की आग की रोकथाम और प्रबंधन भी प्रमुख एजेंडे में रहेगा। इसके तहत अनुभवों और विचारों के आदान-प्रदान के साथ क्षमता निर्माण, बेहतर डेटा संग्रह और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा होगी।

एकीकृत और क्षेत्र आधारित हरित दृष्टिकोण के जरिए जंगल की आग से जुड़ी साझा चुनौतियों का समाधान तलाशने पर जोर रहेगा। इसमें आग की रोकथाम, तैयारी, समय रहते उसकी पहचान और तत्काल प्रतिक्रिया की व्यवस्था को मजबूत करना शामिल है।

सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने पर चर्चा

बैठक में पर्यावरण के अनुकूल सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने पर भी विचार किया जाएगा। इसमें संसाधनों के उपभोग और सामुदायिक स्तर पर अपनाई जाने वाली बेहतर प्रथाओं के जरिए पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

BRICS देशों के बीच ज्ञान और अनुभव साझा करने, सफल प्रयोगों को एक-दूसरे तक पहुंचाने और नए तरीकों को विकसित करने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।

जलवायु अनुकूलन पर भी रहेगा फोकस

बैठक में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए अनुकूलन के उपायों पर भी चर्चा होगी। इसमें पारंपरिक ज्ञान पर आधारित जन-केंद्रित और समुदाय के नेतृत्व वाले उपायों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

इस प्राथमिकता के तहत व्यावहारिक सहयोग, ज्ञान के व्यवस्थित आदान-प्रदान और बेहतर तौर-तरीकों को साझा करने की व्यवस्था को मजबूत करने पर विचार किया जाएगा।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------