देशराजनीति

बीजेपी संगठन में बड़ा बदलाव जल्द! नितिन नवीन की नई टीम में युवाओं और महिलाओं को मिलेगा ज्यादा मौका?

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के संगठन में जल्द बड़ा बदलाव होने की संभावना है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि उनकी नई टीम तैयार हो चुकी है। ऐसे में सोमवार को संगठन में फेरबदल को लेकर घोषणा किए जाने की अटकलें तेज हैं। जनवरी में नितिन नवीन ने पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी, लेकिन इसके बाद से राष्ट्रीय संगठन में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।

नई टीम में कई बड़े पदों पर नियुक्ति संभव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नई टीम में एक कोषाध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, नौ राष्ट्रीय महासचिव और 15 सचिव बनाए जा सकते हैं। पार्टी के संविधान में संशोधन के बाद संगठन के 33 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। ऐसे में नई टीम में महिलाओं और युवाओं को पहले की तुलना में अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इसके अलावा प्रत्येक वर्ग में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से कम से कम तीन पदाधिकारी शामिल किए जाने की संभावना भी बताई जा रही है।

संसदीय बोर्ड का भी होगा गठन

बीजेपी की सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली संस्था संसदीय बोर्ड का भी गठन किया जाना है। इसमें पार्टी अध्यक्ष के अलावा अधिकतम 11 सदस्य हो सकते हैं। इसके साथ ही केंद्रीय चुनाव समिति का भी गठन किया जाएगा।

फिलहाल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महिला मोर्चा की अध्यक्ष वी श्रीनिवासन और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्यों में शामिल हैं।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व

पार्टी की रणनीति और महत्वपूर्ण फैसलों पर विचार करने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन होना है। इसमें अध्यक्ष के अलावा 120 सदस्य हो सकते हैं। इनमें 40 महिलाओं का शामिल होना जरूरी है।

राष्ट्रीय परिषद में राज्य परिषदों के निर्वाचित सदस्य, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष, राज्यों में विधान परिषद और विधानसभा के नेताओं, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य तथा 20 मनोनीत सदस्य शामिल होंगे।

कॉकरोच आंदोलन का भी दिख सकता है असर

नितिन नवीन ने खुद कहा है कि उन्होंने अपनी नई टीम तैयार कर ली है। पार्टी संगठन में प्रस्तावित बदलाव को लेकर जानकारों का मानना है कि हाल के कॉकरोच आंदोलन का असर भी नई टीम में दिखाई दे सकता है। इसके तहत युवाओं को संगठन में अधिक महत्व दिए जाने की संभावना है।

यह भी चर्चा है कि संगठन में बदलाव के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी फेरबदल किया जा सकता है।

मौजूदा संगठन में कई अहम संस्थाएं

फिलहाल बीजेपी के संगठन में चार सदस्यों वाला मार्गदर्शक मंडल है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरलीमनोहर जोशी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हैं।

इसके बाद 12 सदस्यीय संसदीय बोर्ड है, जिसके अध्यक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। बोर्ड में नितिन नवीन, राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा, बीए येदियुरप्पा, सर्वानंद सोनोवाल, के लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया और बीएल संतोष शामिल हैं।

केंद्रीय चुनाव समिति में भी हो सकता है बदलाव

बीजेपी की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। इसमें देवेंद्र फडणवीस, भूपेंद्र यादव, वनाती श्रीनिवासन, बीजेपी के 11 उपाध्यक्ष, वसुंधरा राजे और बैजयंत पांडा शामिल हैं। पार्टी के महासचिवों में अरुण सिंह, दुष्यंत गौतम, विनोद तावड़े, तरुण चुघ, सुनील बंसल, राधा मोहन दास अग्रवाल और बीएल संतोष शामिल हैं।

मौजूदा संगठनात्मक ढांचे में चार सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल, 12 सदस्यीय संसदीय बोर्ड, 15 सदस्यीय केंद्रीय चुनाव समिति, 11 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सात राष्ट्रीय महासचिव, एक संयुक्त महासचिव, 11 राष्ट्रीय सचिव, सात मोर्चा प्रमुख, एक मीडिया प्रभारी, एक मीडिया सह प्रभारी तथा एक-एक कोषाध्यक्ष और सह कोषाध्यक्ष का पद शामिल है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------