देश

‘आपत्तिजनक पोस्ट’ पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, ‘X’ को भेजा नोटिस; यूजर की पूरी जानकारी और डेटा सुरक्षित रखने के निर्देश

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक सामग्री को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ को पत्र भेजकर संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक सामग्री पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। इसके साथ ही संबंधित अकाउंट धारक की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने और जांच पूरी होने तक उससे जुड़े सभी डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंच पर संवैधानिक प्रमुखों को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक सामग्री साझा की गई है। इसी के आधार पर ‘एक्स’ से संबंधित पोस्ट या वीडियो को तत्काल हटाने का अनुरोध किया गया है।

अकाउंट धारक की पूरी जानकारी मांगी

दिल्ली पुलिस ने पत्र में संबंधित अकाउंट संचालक का पूरा नाम, पता, संपर्क विवरण और ईमेल आईडी उपलब्ध कराने को कहा है। इसके अलावा अकाउंट के लॉगिन और लॉगआउट का समय, तारीख सहित तकनीकी विवरण तथा जांच में सहायक अन्य आवश्यक जानकारी भी मांगी गई है।

डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का निर्देश

पुलिस ने मंच से कहा है कि संबंधित पोस्ट या वीडियो से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड भविष्य की जांच के लिए सुरक्षित रखा जाए। साथ ही भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 63(4) के तहत आवश्यक प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।

पहले भी जारी किए जा चुके हैं नोटिस

इससे पहले 27 जुलाई को भी दिल्ली पुलिस ने कई सोशल मीडिया मंचों को नोटिस जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों वाले पोस्ट और वीडियो हटाने के निर्देश दिए थे। ये सामग्री जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन और 20 जुलाई के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान हुई घटनाओं से जुड़ी बताई गई थी।

सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार निगरानी

दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसकी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम विभिन्न ऑनलाइन मंचों पर लगातार नजर रख रही है। नियमों के उल्लंघन वाले कथित आपत्तिजनक पोस्ट मिलने पर संबंधित मंचों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, नोटिस जारी होने के बाद कई पोस्ट और वीडियो हटाए भी जा चुके हैं, जबकि साइबर और सोशल मीडिया टीमें आगे भी ऑनलाइन गतिविधियों की निगरानी जारी रखे हुए हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------