देशराजनीति

BJP का बड़ा प्लान! अब 60 साल से कम उम्र के चेहरों को मिलेगी कमान, राज्यों में दिखेगा नई पीढ़ी पर दांव

नई दिल्ली: भाजपा नेतृत्व देश की नई पीढ़ी और खासकर युवाओं की आकांक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में बनने वाली अपनी सरकारों में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी की ओर से संकेत दिए गए हैं कि आने वाले समय में उसकी सरकारों के मुखिया 60 वर्ष से कम उम्र के चेहरे हो सकते हैं। हालांकि, सरकारों में वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल रखा जाएगा।

अगले साल भाजपा को सात राज्यों में विधानसभा चुनाव का सामना करना है। इनमें पांच राज्यों में फिलहाल भाजपा की सरकार है। ऐसे में पार्टी की नई रणनीति का असर इन राज्यों में दिखाई देने की संभावना जताई जा रही है। देशभर में भाजपा के अभी 17 मुख्यमंत्री हैं, जिनमें पांच की उम्र 60 वर्ष से अधिक है।

मौजूदा मुख्यमंत्रियों में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू सबसे कम उम्र के हैं और उनकी उम्र 47 वर्ष है। वहीं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा 73 वर्ष की उम्र के साथ सबसे अधिक उम्र के मुख्यमंत्री हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और मणिपुर के मुख्यमंत्री वाय खेमचंद सिंह की उम्र भी 60 वर्ष से अधिक है।

नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने से मिला नई पीढ़ी को संकेत

भाजपा नेतृत्व ने संगठन की कमान नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने का संकेत दिया था। अब पार्टी इसी दिशा में राज्यों में भी बदलाव की तैयारी में बताई जा रही है। जेन जी के आंदोलनों से बने माहौल के बीच भाजपा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की अपनी रणनीति को राज्यों में लागू कर सकती है। हालांकि, राजनीतिक परिस्थितियों और स्थानीय समीकरणों को देखते हुए कुछ अपवाद भी रखे जा सकते हैं।

गुजरात में हर्ष सांघवी पर नजर

भाजपा की इस कवायद में अगले चुनाव वाले राज्यों में गुजरात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को भविष्य के युवा नेतृत्व के चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं मणिपुर में परिस्थितियां अलग हैं और वहां नेतृत्व को लेकर अलग तरीके से फैसला लिए जाने की बात कही जा रही है।

हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भाजपा सत्ता में नहीं है। ऐसे में इन दोनों राज्यों में पार्टी की ओर से युवा चेहरे को आगे रखने की रणनीति अपनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

-------------------------------------------------------------------------------------------

पीएम मोदी के जन्मदिन पर यूपी में महीनेभर चलेगा सेवा संकल्प अभियान

भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय की ओर से सोमवार को जारी बयान में बताया गया कि इस दौरान प्रदेशभर में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान को नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित बताया गया है। पार्टी के मुताबिक अभियान के जरिए सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

लखनऊ में हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला

अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह शामिल हुए।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------