BPSC TRE 4.0: बिहार शिक्षक भर्ती के लिए कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स चाहिए? 25 सितंबर से आवेदन, अभी तैयार कर लें ये कागजात

पटना: बिहार शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी बीपीएससी टीआरई 4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रही है। बिहार लोक सेवा आयोग ने नया नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पहले जारी विज्ञापन को रद्द करते हुए अब 32,388 पदों के लिए विज्ञापन संख्या 15/2026 के तहत आवेदन लिए जाएंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन शुरू होने से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है।

25 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
बीपीएससी टीआरई 4.0 के लिए आवेदन 25 सितंबर 2026 से शुरू होंगे और अभ्यर्थी 26 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 25 सितंबर से 25 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। भर्ती कक्षा 1 से 5, कक्षा 6 से 8, कक्षा 9 से 10 और कक्षा 11 से 12वीं के शिक्षकों के पदों के लिए है।
32,388 पदों पर होगी शिक्षक भर्ती
बिहार विद्यालय अध्यापक भर्ती के तहत कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इस बार अभ्यर्थियों का चयन एक परीक्षा के जरिए किया जाएगा। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। प्रत्येक प्रश्न के लिए पांच विकल्प दिए जाएंगे। यदि अभ्यर्थी किसी भी विकल्प का चयन नहीं करता है, तो भी 1/3 अंक काटे जाएंगे।
STET 2026 में शामिल अभ्यर्थी भी कर सकेंगे आवेदन
बीपीएससी टीआरई 4.0 के लिए बिहार एसटीईटी 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, यदि अभ्यर्थी एसटीईटी में क्वालिफाई नहीं करता है तो उसका प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
-------------------------------------------------------------------------------------------
BPSC TRE 4.0 के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स
आवेदन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने जरूरी दस्तावेजों की स्कैन की गई प्रतियां तैयार रखनी होंगी। भर्ती में पद और श्रेणी के अनुसार दस्तावेजों की जरूरत अलग-अलग हो सकती है। जरूरी दस्तावेजों की सूची इस प्रकार है।
- आधार कार्ड, पहचान पत्र या ड्राइविंग लाइसेंस
- 10वीं की मार्कशीट और प्रमाण पत्र
- 12वीं की मार्कशीट और प्रमाण पत्र
- स्नातक की मार्कशीट और डिग्री
- पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री और प्रमाण पत्र, जहां लागू हो
- डीएलएड, बीएड या अन्य शिक्षक प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, पद के अनुसार
- सीटीईटी पेपर-1 या पेपर-2, जहां लागू हो
- बिहार एसटीईटी प्रमाण पत्र, संबंधित पद के अनुसार
- जाति प्रमाण पत्र, एससी, एसटी, ईबीसी या बीसी अभ्यर्थियों के लिए
- ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, 1 अप्रैल 2026 के बाद का प्रमाण पत्र मान्य
- मूल निवासी प्रमाण पत्र
- पीडब्ल्यूडी या दिव्यांग प्रमाण पत्र, जहां लागू हो
- आय प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
- हस्ताक्षर
फॉर्म भरने से पहले इन दस्तावेजों को कर लें तैयार
अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी जरूरी प्रमाण पत्र और उनकी स्कैन कॉपी तैयार रखनी चाहिए। यदि किसी प्रमाण पत्र का बनना अभी बाकी है तो उसके लिए समय रहते आवेदन किया जा सकता है। ऑनलाइन फॉर्म भरते समय नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता और प्रमाण पत्र से जुड़ी जानकारी सावधानी से भरें।
एक गलती से बचने के लिए रखें खास सावधानी
आवेदन के दौरान किसी भी दस्तावेज में नाम या अन्य जानकारी गलत दर्ज होने से परेशानी हो सकती है। इसलिए फॉर्म भरने से पहले सभी प्रमाण पत्रों में दर्ज जानकारी अच्छी तरह जांच लें। आवेदन की प्रक्रिया आवेदन विंडो खुलने के बाद शुरू होगी और निर्धारित तारीख तक पूरी करनी होगी।

