एसआरएमएस रिद्धिमा में शुरू हुआ बाल एवं युवा महोत्सव

बरेली 18 अप्रैल। एकल गायन प्रतियोगिता ‘स्वरांजलि’ के साथ एसआरएमएस रिद्धिमा में कल बाल एवं युवा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव की पहली कड़ी में कल शुक्रवार को बरेली मंडल से 10 स्कूलों ने प्रतिभाग किया। इसमें जूनियर वर्ग में हार्टमैन कॉलेज के स्वरित तिवारी और सीनियर वर्ग में रिद्धिमा की शालिनी पांडे ने पहला पुरस्कार हासिल किया। सभी विजयी प्रतिभागियों को एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति जी ने पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिद्धिमा के सेंटर हेड डा.आशीष कुमार ने बताया कि बच्चों और युवाओं के चहुंमुखी विकास के साथ उन्हें ललित कलाओं से जोड़ने के लिए एसआरएमएस की ओर से बाल एवं युवा महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत गायन, नृत्य, थिएटर, गायन व वादन, चित्रकला, फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सीनियर और जूनियर वर्गों में विभाजित इस महोत्सव की पहली कड़ी में शुक्रवार को एकल गायन प्रतियोगिता ‘स्वरांजलि’ का आयोजन किया गया। इसमें बरेली मंडल के दस स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल में शामिल डा. रीता शर्मा, रुचि शाह और डा. आशीष कुमार ने प्रतियोगियों का मूल्यांकन किया और विजेताओं का चुनाव कर अपना फैसला सुनाया। इसमें जूनियर वर्ग में हार्टमैन कॉलेज के स्वरित तिवारी को प्रथम पुरस्कार दिया गया, जबकि रिद्धिमा के अतिशय गोयल को द्वितीय, एसआर इंटरनेशनल के अर्णव त्रिवेद और रिद्धिमा के अर्णव कनौजिया को तृतीय पुरस्कार दिया गया। बीबीएल पब्लिक स्कूल की बख्शीश कौर और द गुरु स्कूल की अग्रिमा को स्पेशल मेंशन प्राइज दिया गया। सीनियर वर्ग में रिद्धिमा की शालिनी पांडे प्रथम, गीतू अरोड़ा द्वितीय और चंदन मिश्रा तृतीय स्थान पर रहे। एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति, सीईटी के प्रिंसिपल डा. प्रभाकर गुप्ता और सीईटीआर के डीन एकेडेमिक्स डा. शैलेश सक्सेना ने विजयी प्रतियोगियों को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम का संचालन सात्विक मिश्रा ने किया। डा.आशीष ने कहा कि बाल एवं युवा महोत्सव की अगली कड़ी के रूप में 24 अप्रैल को नृत्य प्रतियोगिता ‘कल के कलाकार’, पहली मई को बैंड वार ‘इलेक्ट्रा’, 8 मई को थिएटर कंपटीशन ‘स्टेज स्पार्क’, 15 मई को चित्रकला वर्कशाप एवं प्रतियोगिता ‘रंगोदय’, 22 मई को फोटोग्राफी वर्कशॉप एवं प्रतियोगिता ‘इंस्ट्रा रील्स’ का आयोजन किया जाएगा। स्कूलों के विद्यार्थी इसमें अपनी प्रविष्टि एसआरएमएस रिद्धिमा में भेज सकते हैं। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


