एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में एम.एससी. माइक्रोबायोलॉजी प्रथम सेमेस्टर प्रवेश हेतु काउंसलिंग 24 जुलाई को

बरेली 20 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के जीव विज्ञान संकाय के माइक्रो- बायोलॉजी विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एम.एससी. माइक्रोबायोलॉजी प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) में प्रवेश हेतु काउंसलिंग 24 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।

विभागाध्यक्ष प्रोफेसर उपेंद्र कुमार,ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में एम.एससी. माइक्रोबायोलॉजी में प्रवेश के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की काउंसलिंग मेरिट एवं विश्वविद्यालय/उत्तर प्रदेश शासन के आरक्षण नियमों के अनुसार की जाएगी। सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों (ओपन, ईडब्ल्यूएस, महिला, दिव्यांग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित आदि) को 24 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे माइक्रोबायोलॉजी विभाग में रिपोर्ट करना होगा।
अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के समय समर्थ पोर्टल का भरा हुआ आवेदन पत्र, समस्त शैक्षिक प्रमाणपत्रों एवं अंकपत्रों की मूल एवं स्वप्रमाणित प्रतियां, वैध जाति/ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), एक फोटो पहचान पत्र तथा तीन पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे।

विभागाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि काउंसलिंग के लिए वास्तविक सीटों से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, इसलिए केवल काउंसलिंग के लिए बुलाए जाने से प्रवेश की गारंटी नहीं होगी। प्रवेश पूर्णतः मेरिट के आधार पर उपलब्ध सीटों के अनुसार दिए जाएंगे।
जिन अभ्यर्थियों का प्रवेश काउंसलिंग के दौरान सुनिश्चित होगा, उन्हें उसी दिन ₹46,180/- का प्रवेश शुल्क डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से Finance Officer, M.J.P. Rohilkhand University, Bareilly के पक्ष में जमा करना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी उसी दिन प्रवेश शुल्क जमा नहीं करता है तो उसका प्रवेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
