Thursday, August 6, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

डेयरी क्षेत्र को मिला बड़ा बढ़ावा, गोंडा में डेयरी कॉन्क्लेव के दौरान करोड़ों की योजनाओं का लाभ, पशुपालकों को बांटे गए स्वीकृति पत्र और डेमो चेक

गोंडा: जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में दुग्ध विभाग द्वारा जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाना तथा विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और उनका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना के लाभार्थियों को मिले स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना के अंतर्गत चयनित 28 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा 7 लाभार्थियों को 80-80 हजार रुपये के डेमो चेक भी प्रदान किए गए।

नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजना के तहत किसानों को मिली आर्थिक सहायता

नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजना के अंतर्गत संचालित मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना में चयनित 3 लाभार्थियों को प्रति लाभार्थी 5 लाख 90 हजार रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार और दुग्ध विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से डेयरी व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ेंगे।

पशुपालकों को योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों, किसानों और अन्य प्रतिभागियों को दुग्ध विभाग की विभिन्न योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक डेयरी विकास को बढ़ावा देना, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना तथा पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कई विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन अंजनि कुमार दूबे ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, महाप्रबंधक दुग्ध विभाग, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), उप निदेशक कृषि, कृषि वैज्ञानिक गोपाल ग्राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक और लाभार्थी उपस्थित रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------