Thursday, August 6, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में नवप्रवेशी छात्रों का भव्य स्वागत, ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम में करियर और उच्च शिक्षा का मिला मार्गदर्शन

गोंडा: श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए विज्ञान संकाय का ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह के निर्देश तथा प्रवेश समिति के प्रभारी प्रो. संजय पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में गणित, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, बीबीए, बीसीए और कृषि संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों तथा अध्ययन विषयों से परिचित कराना और उनके शैक्षणिक जीवन की बेहतर शुरुआत सुनिश्चित करना था।

विभागाध्यक्षों ने करियर और उच्च शिक्षा की संभावनाओं से कराया परिचित

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष प्रो. संजय पांडे, प्रो. अरविंद कुमार शर्मा, डॉ. रेखा शर्मा, डॉ. संतोष श्रीवास्तव, डॉ. पुष्यमित्र मिश्रा, डॉ. शैलजा सिंह, डॉ. अभय द्विवेदी और डॉ. घनश्याम द्विवेदी सहित सभी विभागों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया।

इस दौरान शिक्षकों ने अपने-अपने विषयों की उपयोगिता, उच्च शिक्षा के अवसरों, रोजगार की संभावनाओं तथा महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को महाविद्यालय की अनुशासन व्यवस्था, शैक्षणिक वातावरण, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और अन्य उपलब्ध सुविधाओं से भी अवगत कराया गया।

नियमित अध्ययन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी के लिए किया प्रेरित

प्राध्यापकों ने छात्र-छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुसंधान और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास और कौशल संवर्धन का भी महत्वपूर्ण चरण है।

विद्यार्थियों ने जताया आभार

नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और भविष्य की संभावनाओं को समझने में काफी सहायता मिली।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------