डेयरी क्षेत्र की योजनाओं को मिलेगी नई गति, 5 अगस्त को गोंडा में होगा जिला स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव

गोंडा, 4 अगस्त 2026* – दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिकाधिक पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से 5 अगस्त को प्रातः 11 बजे जिला पंचायत सभागार, गोंडा में एक दिवसीय जिला स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कॉन्क्लेव में नन्द बाबा दुग्ध मिशन, दुग्ध नीति-2022, आधुनिक डेयरी प्रबंधन, औपचारिक दुग्ध प्रसंस्करण, चारा प्रबंधन, पशु रोगों की पहचान, रोकथाम, निगरानी, नियंत्रण, टीकाकरण तथा दुग्ध एवं पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ भी अपने विचार एवं तकनीकी जानकारी साझा करेंगे।

दुग्ध आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अनुज कुमार यादव को जनपद गोंडा के लिए कॉन्क्लेव का समन्वयक नामित किया गया है। उन्हें मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही जिला पंचायत सभागार की उपलब्धता, जनप्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों को आमंत्रित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया है कि कार्यक्रम में प्रगतिशील पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों एवं अन्य हितधारकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही नन्द बाबा दुग्ध मिशन, दुग्ध नीति-2022 तथा विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पंपलेट एवं प्रचार सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
