देशराज्य

फुटबॉल फैंस के लिए दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान! इस वीकेंड सुबह 4 बजे तक खुलेंगे रेस्टोरेंट और कैफे

नई दिल्ली: फुटबॉल प्रेमियों के लिए दिल्ली सरकार ने इस वीकेंड बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि राजधानी में इस सप्ताहांत रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य पात्र व्यावसायिक प्रतिष्ठान सुबह 4 बजे तक खुले रह सकेंगे। सरकार का कहना है कि इस फैसले से फुटबॉल प्रशंसक एक साथ ऐतिहासिक मुकाबले का आनंद ले सकेंगे, वहीं राजधानी के आतिथ्य और नाइटलाइफ कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री बोलीं- इतिहास की नई रात के लिए तैयार है दिल्ली

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर फुटबॉल के महामुकाबले को लेकर संदेश साझा करते हुए कहा कि दुनिया ने महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी को इतिहास बनाते देखा है और अब एक और यादगार मुकाबला दुनिया के सामने है। उन्होंने कहा कि एक दिग्गज खिलाड़ी, एक उभरता युवा सितारा, एक ट्रॉफी और ऐसी रात, जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली इस खास मौके के लिए पूरी तरह तैयार है।

सुबह 4 बजे तक खुल सकेंगे पात्र प्रतिष्ठान

सरकार के फैसले के अनुसार इस वीकेंड राजधानी के पात्र रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सुबह 4 बजे तक संचालन की अनुमति दी गई है। इससे देर रात तक फुटबॉल मैच देखने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और वे सार्वजनिक स्थानों पर एक साथ मैच का आनंद ले सकेंगे।

24×7 बिजनेस फ्रेंडली फ्रेमवर्क के तहत मिली छूट

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह फैसला दिल्ली सरकार की 24×7 बिजनेस फ्रेंडली फ्रेमवर्क नीति के तहत लिया गया है। इस नीति का उद्देश्य व्यापार को बढ़ावा देना और कारोबार के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है। इसी व्यवस्था के तहत इस विशेष अवसर पर पात्र प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय से अधिक देर तक संचालन की अनुमति दी गई है।

सरकार के इस फैसले से फुटबॉल प्रशंसकों में उत्साह देखा जा रहा है। वहीं होटल, रेस्टोरेंट और कैफे संचालकों को भी इससे कारोबार में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------