जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न

बरेली,18जून। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कल जनपद स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भण्डारण की रोकथाम हेतु की जा रही प्रवर्तन कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिए कि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खनन, राजस्व, पुलिस, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित प्रकरणों, वाहनों की जब्ती, राजस्व वसूली, चेकपोस्टों की कार्यप्रणाली तथा प्रवर्तन कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि खनिजों के परिवहन में प्रयुक्त प्रपत्रों एवं ई-रवान्ना/आईएसटीपी की नियमित जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक उत्तरी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला खनन अधिकारी, एआरटीओ एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
