Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

आयुक्त कार्यालय में ‘महाराजा सुहेलदेव सभागार’ का उद्घाटन, दुर्गा शक्ति नागपाल ने किया लोकार्पण

गोण्डा: देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने गुरुवार को आयुक्त कार्यालय परिसर में सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण के बाद नव स्वरूप प्राप्त सभागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर कार्यालय के वरिष्ठतम वैयक्तिक सहायक रक्षाराम वर्मा और पेशकार मोहम्मद हसीब के हाथों सभागार का लोकार्पण कराया गया। साथ ही सभागार का नामकरण “महाराजा सुहेलदेव सभागार” के रूप में किया गया।

उद्घाटन के दौरान आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभागार में कराए गए विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि महान राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव के नाम पर सभागार का नामकरण क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह सभागार भविष्य में प्रशासनिक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए आधुनिक और सुविधाजनक केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ सभागार

सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण के तहत सभागार में आधुनिक साज-सज्जा, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक आंतरिक डिजाइन, बेहतर बैठक व्यवस्था और आवश्यक तकनीकी सुविधाओं का विकास किया गया है। इन कार्यों से सभागार की कार्यक्षमता और उपयोगिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

आयुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यालयों और परिसरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप प्रदान करना सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बेहतर कार्य वातावरण से प्रशासनिक दक्षता बढ़ती है और अधिकारियों तथा कर्मचारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में सुविधा मिलती है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय भवनों और परिसरों की स्वच्छता, रखरखाव तथा सौंदर्यीकरण पर लगातार ध्यान दिया जाए, ताकि कर्मचारियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अपर आयुक्त (प्रशासन) मीनू राणा, अपर आयुक्त राजेश कुमार यादव, संयुक्त विकास आयुक्त राकेश कुमार पाण्डेय सहित मंडल स्तरीय कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नव विकसित महाराजा सुहेलदेव सभागार की सराहना करते हुए इसे प्रशासनिक गतिविधियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------