Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

आलू किसानों की मदद करे सरकार, जातीय विभाजन से विकास बाधित: विजय श्रीवास्तव

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव विजय कुमार लाल श्रीवास्तव ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि जब तक किसान और मेहनतकश समाज जाति के आधार पर बंटा रहेगा, तब तक उनका आर्थिक और सामाजिक विकास संभव नहीं हो पाएगा।

उन्होंने कहा कि देश में वास्तविक समाजवाद केवल लोकनायक जयप्रकाश नारायण, डॉ. राम मनोहर लोहिया और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के विचारों पर चलकर ही स्थापित किया जा सकता है। श्रीवास्तव ने कहा कि भारत विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन समाज के कमजोर वर्गों को अभी भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

समाजवाद का विरोध करती हैं अधिनायकवादी ताकतें
विजय श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि देश में अधिनायकवादी सोच रखने वाली ताकतें हमेशा समाजवादी विचारधारा का विरोध करती रही हैं, जिससे किसानों और श्रमिक वर्ग के हित प्रभावित होते हैं।

किसान खुशहाल होंगे तो प्रदेश तरक्की करेगा
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है और जब तक यहां का किसान खुशहाल नहीं होगा, तब तक प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है। सरकार को किसानों की आय बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

आलू किसानों को नहीं मिल रहा उचित मूल्य
श्रीवास्तव ने विशेष रूप से आलू किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इस समय किसान अपनी फसल का सही मूल्य नहीं पा रहा है, जिससे वह आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि आलू किसानों को हर संभव सहायता दी जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------