जनपद में यदि बिना किसी कारण के विद्युत आपूर्ति की कटौती की गई तो होगी कार्रवाई-जिलाधिकारी

गोण्डा 28 अप्रैल,2026। जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में विद्युत आपूर्ति, रखरखाव एवं सुधार कार्यों की प्रगति का आकलन करना। समीक्षा के दौरान विद्युत सर्किल क्षेत्र मनकापुर की अत्यंत खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एक्सईएन विद्युत मनकापुर कमर फारुख को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और कार्यों में तेजी लाने की सख्त हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक खंडवार हाईटेंशन तारों की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जाए। इसमें यह भी शामिल हो कि कितने लोगों को नोटिस जारी किए गए, कितने स्थानों पर हाईटेंशन तार हटाए गए, तथा वर्तमान में कितने स्थानों पर तार हटाने का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि से संबंधित कार्यों की जानकारी भी मांगी और निर्देश दिए कि जहां भी आवश्यकता हो, वहां शीघ्रता से क्षमता बढ़ाई जाए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जनपद के कितने मजरों में विद्युत आपूर्ति कार्य कराया जा रहा है, इसकी अद्यतन रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए। साथ ही विद्युत विभाग के सभी एसडीओ को अपने-अपने सबस्टेशन पर ही निवास करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बिना किसी उचित कारण के विद्युत आपूर्ति में कटौती किए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके अतिरिक्त, जनपद में प्रथम चरण के अंतर्गत 206 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए गए थे। विद्युत विभाग द्वारा अब तक 102 विद्यालयों से तार हटाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष विद्यालयों में कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि जनपद में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारू बनाया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, एसई विद्युत सुशील यादव, एक्सईएएन गोण्डा शहर राम मोहन पाण्डेय, एक्सईएएन विद्युत करनैलगंज, एक्सईएएन विद्युत नवाबगंज, एक्सईएएन विद्युत मनकापुर, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पाण्डेय, एबीएसए मुख्यालय राम खेलावन सिंह सहित समस्त एबीएसए, एसडीओ विद्युत व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
