Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा श्रावण मास के दृष्टिगत पृथ्वीनाथ मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा, ड्यूटी पर लगे अधिकारी/कर्मचारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

आज दिनांक 31.07.2026 को श्रीमान् पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा श्रावण मास के दृष्टिगत थाना खरगूपुर क्षेत्रान्तर्गत स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था हेतु की गई तैयारियों का जायजा लिया गया। श्रावण मास में शिवालयों/मंदिरों में जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की भारी भीड़ को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महोदय द्वारा बताया गया कि श्रावण मास के दृष्टिगत जनपद के समस्त प्रमुख शिवालयों का अधिकारीगण भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर लें। सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी धर्मगुरुओं, मंदिर प्रबंधन समिति, आयोजकों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करें। सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए प्रत्येक सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पृथ्वीनाथ मंदिर सहित जनपद के समस्त शिवालयों में श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार एवं अन्य विशेष अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कांवड़िए जलाभिषेक हेतु पहुंचेंगे। इस दौरान नदी/घाटों से जल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग, गोताखोरों एवं आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंदिर परिसरों, कांवड़ मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु महिला पुलिसकर्मियों की भी पर्याप्त ड्यूटी वर्दी एवं सादे वस्त्र में लगाई जाए। जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं बीट पुलिस कर्मियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने हेतु निर्देशित किया गया। किसी भी प्रकार के गैर-परम्परागत आयोजन की अनुमति न दी जाए तथा यदि कोई धार्मिक यात्रा अथवा आयोजन हो तो उसे पूर्व निर्धारित मार्ग से ही पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ सम्पन्न कराया जाए। मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में क्यूआरटी (QRT) सहित पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। श्रावण मास के दौरान कांवड़ मार्गों पर उचित दूरी पर पुलिस पिकेट, मोबाइल गश्त एवं फुट पेट्रोलिंग की प्रभावी व्यवस्था की जाए। यूपी-112 के वाहनों का आवश्यकतानुसार रूट चार्ट तैयार कर उन्हें रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया जाए। वैकल्पिक मार्गों का चिन्हीकरण करते हुए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था समय से पूर्ण कराई जाए। पीए सिस्टम की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए तथा कांवड़ मार्गों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास पोस्टर पार्टी एवं पुलिस बल को सक्रिय रखा जाए।
स्थानीय अभिसूचना इकाई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामयिक सूचनाओं के प्रति और अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म की सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए उसका प्रभावी खंडन किया जाए।

---------------------------------------------------------------------------------------------------