तनाव ने बना दिया है परेशान? मनोविज्ञान से प्रमाणित ये 3 आसान तरीके मिनटों में दिला सकते हैं राहत
नई दिल्ली: काम का दबाव, रिश्तों में तनाव, आर्थिक चिंताएं और रोजमर्रा की जिम्मेदारियां कई बार मानसिक तनाव को बढ़ा देती हैं। लगातार बना रहने वाला तनाव यानी क्रॉनिक स्ट्रेस न केवल मानसिक बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य पर भी असर डाल सकता है। ऐसे में समय रहते तनाव को नियंत्रित करना जरूरी है। मनोविज्ञान के अनुसार कुछ आसान उपाय ऐसे हैं, जिन्हें अपनाकर घबराहट, बेचैनी और तनाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
नेचर की आवाजें सुनना क्यों है असरदार?

तनाव महसूस होने पर प्रकृति की आवाजें सुनना सबसे प्रभावी तरीकों में माना जाता है। पेड़ों की सरसराहट, पक्षियों की चहचहाहट या बहते पानी की आवाज दिमाग को शांत करने में मदद करती है। शोध के अनुसार जब मस्तिष्क प्राकृतिक ध्वनियां सुनता है तो उसे सुरक्षित माहौल का एहसास होता है, जिससे तनाव कम होने लगता है। यदि बाहर जाकर प्रकृति के बीच समय बिताना संभव न हो तो मोबाइल या टीवी पर प्राकृतिक ध्वनियां सुनना भी राहत देने में सहायक हो सकता है।
ठंडे पानी के छींटे दे सकते हैं तुरंत राहत
अगर तनाव के कारण अचानक घबराहट या बेचैनी महसूस होने लगे तो चेहरे पर ठंडे पानी के छींटे मारना लाभदायक हो सकता है। मनोविज्ञान के अनुसार यह तरीका तेजी से असर दिखा सकता है। शोध बताते हैं कि ठंडा पानी वेगस नर्व को सक्रिय करता है, जिससे पैरासिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम सक्रिय होता है। इसके परिणामस्वरूप मस्तिष्क को शांत होने का संकेत मिलता है और घबराहट कम होने लगती है।

धीमी और नियंत्रित सांस लेने की तकनीक अपनाएं
तनाव या घबराहट की स्थिति में अक्सर सांसें तेज हो जाती हैं। ऐसे समय में सांस लेने की गति को धीमा करना फायदेमंद माना जाता है। फिजियोलॉजिकल साई नामक तकनीक में पहले दो बार गहरी सांस लेकर फेफड़ों को पूरी तरह भरना होता है, फिर धीरे-धीरे सांस बाहर छोड़नी होती है। यह श्वसन प्रक्रिया मस्तिष्क को शांत करने में मदद करती है और तनाव को कम करने में प्रभावी मानी जाती है। यही वजह है कि ब्रीदिंग एक्सरसाइज को मानसिक तनाव कम करने का एक कारगर उपाय माना जाता है।
