14 अगस्त के आसपास OTT पर मनोरंजन का धमाका, कंगना की ‘भारत भाग्य विधाता’ से ‘कॉकटेल 2’ तक नई फिल्मों-सीरीज की कतार
नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ओटीटी दर्शकों के लिए इस बार मनोरंजन के कई विकल्प मौजूद रहने वाले हैं। 13 से 16 अगस्त के बीच अलग-अलग भाषाओं और शैलियों की कई फिल्में और वेब सीरीज डिजिटल मंचों पर रिलीज हो रही हैं। परिवार के साथ फिल्म देखने से लेकर रोमांस, रियलिटी शो और रहस्य-रोमांच पसंद करने वालों के लिए भी इस सप्ताह कई विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता इस सूची में प्रमुख रिलीज में शामिल है। जून 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म अब डिजिटल मंच पर पहुंच रही है। फिल्म 14 अगस्त से जी5 पर उपलब्ध होगी। स्वतंत्रता दिवस के आसपास रिलीज होने के कारण दर्शक इसे घर बैठे देख सकेंगे।

संजय दत्त की ‘आखिरी सवाल’ भी होगी रिलीज
संजय दत्त अभिनीत आखिरी सवाल भी 14 अगस्त से ओटीटी पर उपलब्ध होगी। मई 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म की कहानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से जुड़ी बताई गई है। फिल्म में नमाशी चक्रवर्ती भी अहम भूमिका में हैं। इसे लायंसगेट प्ले पर देखा जा सकेगा।
‘कॉकटेल 2’ में शाहिद, कृति और रश्मिका की तिकड़ी
शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना अभिनीत कॉकटेल 2 भी 14 अगस्त से ओटीटी पर दस्तक देगी। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रोमांटिक-कॉमेडी शैली की इस फिल्म को अब नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकेगा।
‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में 21 सेलिब्रिटीज
रियलिटी शो पसंद करने वाले दर्शकों के लिए द ट्रेटर्स सीजन 2 भी खास है। करण जौहर के इस शो का दूसरा सीजन 13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर उपलब्ध हो चुका है। इसमें 21 सेलिब्रिटीज हिस्सा ले रहे हैं। मल्लिका शेरावत, रिया चक्रवर्ती, मुनव्वर फारुकी और क्रिस्टल डिसूजा समेत कई चर्चित नाम शो का हिस्सा हैं। कार्यक्रम में रणनीति, प्रतिस्पर्धा और सेलिब्रिटी ड्रामा देखने को मिलेगा।

‘माय ब्रिलियंट करियर’ में लेखिका बनने का सपना
नेटफ्लिक्स पर 13 अगस्त से माय ब्रिलियंट करियर भी उपलब्ध है। यह वेब सीरीज माइल्स फ्रैंकलिन के उपन्यास पर आधारित है। कहानी सिबिला मेल्विन नाम की एक स्वतंत्र विचारों वाली युवती पर केंद्रित है, जो लेखिका बनने का सपना देखती है। परिवार की ओर से शादी का दबाव और पड़ोसी से उसकी मुलाकात कहानी में बदलाव लेकर आती है।
तमिल दर्शकों के लिए ‘बिग बॉस- द कॉमन मैन’
तमिल मनोरंजन पसंद करने वालों के लिए बिग बॉस- द कॉमन मैन भी इस सप्ताह खास विकल्प है। यह बिग बॉस तमिल का डिजिटल प्री-शो और स्पिन-ऑफ है, जिसमें आम लोगों को प्रतिभागी के तौर पर शामिल किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 16 अगस्त से जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगा। इसके विजेता को बिग बॉस तमिल के आगामी दसवें सीजन में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।
हॉरर और थ्रिलर प्रेमियों के लिए ‘अरूपी’
हॉरर और थ्रिलर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए मलयालम फिल्म अरूपी भी 14 अगस्त से प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगी। फिल्म हिंदी, मलयालम और तमिल भाषाओं में देखी जा सकेगी। स्वतंत्रता दिवस के आसपास रिलीज हो रहे इन कंटेंट के साथ ओटीटी दर्शकों के पास अलग-अलग भाषाओं और शैलियों में मनोरंजन के कई विकल्प रहेंगे।
