केन्या के गर्ल्स स्कूल में भीषण आग, 16 छात्राओं की मौत; 74 घायल, राहत-बचाव जारी
केन्या: केन्या के नकुरु काउंटी स्थित गिलगिल इलाके में उतुमिशी गर्ल्स अकादमी के छात्रावास में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे डॉर्मिटरी में अचानक आग भड़क उठी, जिसमें अब तक 16 छात्राओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 74 से अधिक छात्राएं घायल बताई जा रही हैं।
तड़के डॉर्मिटरी में लगी आग, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, आग लगते ही छात्रावास में मौजूद छात्राओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई छात्राएं समय रहते बाहर नहीं निकल सकीं। शुरुआती रिपोर्ट में 10 मौतों की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में गंभीर रूप से झुलसी छह और छात्राओं ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई।
राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू
केन्या रेड क्रॉस के मुताबिक, सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं, एम्बुलेंस टीमें और मनोवैज्ञानिक सहायता कर्मी मौके पर पहुंच गए। पूरे स्कूल परिसर को प्रशासन ने अपने नियंत्रण में ले लिया है और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है।
कई छात्राओं की हालत गंभीर

अधिकारियों के अनुसार, कई घायल छात्राओं की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उन्हें सेंट जोसेफ अस्पताल सहित विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सरकार ने काउंसलिंग टीम तैनात की
हादसे के बाद केन्या के स्टेट डिपार्टमेंट फॉर चिल्ड्रेन सर्विसेज ने प्रभावित छात्राओं, परिजनों, शिक्षकों और राहतकर्मियों के लिए काउंसलिंग विशेषज्ञों की तैनाती की घोषणा की है। सरकार ने कहा है कि मानसिक और भावनात्मक सहयोग के लिए विशेष मनोसामाजिक सहायता सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि प्रभावित लोग इस दर्दनाक घटना से उबर सकें।
