मनोरंजन

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रभारी मंत्री आशीष पटेल का संदेश, वृक्षारोपण के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा; अनुपस्थित एक्सईएन का वेतन रोकने के निर्देश

गोण्डा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने ग्राम पड़री पारासराय तिर्रेमनोरमा में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान ग्रामीणों और महिलाओं को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत सभागार में हुई विभागीय समीक्षा बैठक

वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत सभागार में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान विद्युत, लोक निर्माण, जल निगम, पंचायत, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, मनरेगा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, शिक्षा, कृषि, पर्यटन, उद्यान, उद्योग, राजस्व और पुलिस विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर एक्सईएन का वेतन रोकने के आदेश

बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत, मनकापुर कमर फारुख बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए तथा जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हों शिलान्यास और लोकार्पण

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण सहित अन्य विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से ही कराए जाएं।

इसके साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं, परियोजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समय-समय पर संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश

बैठक के समापन पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------