Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मुरादाबाद: सपा विधायक कमाल अख्तर की पत्नी की संपत्तियां सील, लाखों का टैक्स बकाया

मुरादाबाद। नगर निगम ने करोड़ों की संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक कमाल अख्तर की पत्नी हुमैरा अख्तर की संपत्तियों को सील कर दिया। हुमैरा अख्तर पर लाखों रुपये का टैक्स बकाया था, जिसे लेकर नगर निगम की टीम ने यह कड़ा कदम उठाया।

12 लाख से ज्यादा का बकाया, मैरिज हॉल और बार सील
नगर निगम के अनुसार, हुमैरा अख्तर के मैरिज हॉल ‘व्हाइट हाउस’ पर 12,83,186 रुपये का टैक्स बकाया था। वहीं, ‘गजल बार’ पर करीब 2,40,000 रुपये का बकाया था। बार और मैरिज हॉल के अलावा एक अन्य संपत्ति को भी निगम ने सील कर दिया।

यह कार्रवाई नगर आयुक्त दिव्यांश पटेल के निर्देश पर की गई। हुमैरा अख्तर के इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में मोहित डूडेजा और नदीम चौधरी भी साझेदार बताए जा रहे हैं।

सपा विधायक पर उठे सवाल, नगर निगम के खिलाफ की थी शिकायत
सपा विधायक कमाल अख्तर वर्तमान में कांठ विधानसभा से विधायक हैं और पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी माने जाते हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही कमाल अख्तर ने विधानसभा में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए थे और निगम पर कई आरोप लगाए थे। अब खुद उनके परिवार की संपत्तियों पर टैक्स बकाया निकलने से वह चर्चा का विषय बने हुए हैं।

नगर निगम ने नहीं दिया कोई आधिकारिक बयान
फिलहाल, नगर निगम की इस कार्रवाई पर अभी तक नगर आयुक्त दिव्यांश पटेल का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन शहर में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।