मनोरंजन

‘हेरा फेरी 3’ पर नया बवाल! अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस का बड़ा दावा, जारी किया कानूनी नोटिस

मुंबई: बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पहले अभिनेता परेश रावल के फिल्म छोड़ने और फिर दोबारा जुड़ने की चर्चा रही, इसके बाद निर्देशक प्रियदर्शन ने भी खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया। अब इस मामले में अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस केप ऑफ गुड फिल्म्स एलएलपी ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर बड़ा दावा किया है।

फिल्म के सभी अधिकार होने का किया दावा

प्रोडक्शन हाउस की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि ‘हेरा फेरी 3’ के निर्माण, व्यावसायिक उपयोग और उससे जुड़े सभी अधिकार केवल केप ऑफ गुड फिल्म्स एलएलपी के पास हैं। फिल्म से संबंधित किसी भी प्रकार की गतिविधि, उपयोग या व्यावसायिक लेनदेन बिना उनकी अनुमति के नहीं किया जा सकता।

डिस्ट्रीब्यूटर्स, ओटीटी और टीवी प्लेटफॉर्म को चेतावनी

नोटिस में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सभी पक्षों को स्पष्ट रूप से आगाह किया गया है। इसमें डिस्ट्रीब्यूटर्स, एग्जीबिटर्स, मल्टीप्लेक्स चेन, ओटीटी प्लेटफॉर्म, टीवी ब्रॉडकास्टर्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और अन्य संबंधित संस्थाओं से कहा गया है कि वे फिल्म से जुड़ा कोई भी कदम उठाने से पहले प्रोडक्शन हाउस की लिखित अनुमति अवश्य लें।

बिना अनुमति किसी तरह का उपयोग नहीं

प्रोडक्शन हाउस ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि फिल्म का निर्माण, रिलीज, थिएटर में प्रदर्शन, ओटीटी स्ट्रीमिंग, टीवी प्रसारण, प्रमोशन, लाइसेंसिंग या किसी भी अन्य व्यावसायिक उपयोग का अधिकार केवल उनके पास सुरक्षित है। ऐसे में बिना आधिकारिक मंजूरी के किसी भी प्रकार की डील या बातचीत मान्य नहीं होगी।

तीसरे पार्ट को लेकर लगातार बढ़ रहा विवाद

साल 2000 में रिलीज हुई ‘हेरा फेरी’ में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की तिकड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। इसके बाद 2006 में ‘फिर हेरा फेरी’ भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। हालांकि, तीसरे पार्ट की घोषणा के बाद से कलाकारों और निर्माण से जुड़े विवाद लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे फिल्म की राह अब भी मुश्किल बनी हुई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------