लखनऊ जंक्शन नहीं, अब गोमती नगर से रवाना होंगी पुष्पक और छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस

लखनऊ से मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। 26 जनवरी से पुष्पक एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन के बजाय गोमती नगर स्टेशन से चलेगी। इसी के साथ छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस का संचालन भी गोमती नगर स्टेशन से ही किया जाएगा। रेलवे के इस फैसले से राजधानी के यात्रियों को यात्रा से पहले स्टेशन को लेकर विशेष ध्यान देना होगा।

पुष्पक एक्सप्रेस के गोमती नगर से चलने के बाद यह 10 मिनट में बादशाहनगर स्टेशन पहुंचेगी और वहां रुकने के बाद सीधे उन्नाव के लिए रवाना होगी। फिलहाल ऐशबाग स्टेशन पर स्टॉपेज देने की मांग जरूर की गई है, लेकिन इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
पुष्पक एक्सप्रेस का बदला शेड्यूल
12533 पुष्पक एक्सप्रेस अब लखनऊ जंक्शन से रात 9:25 बजे की जगह गोमती नगर स्टेशन से रात 8:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रात 8:55 बजे बादशाहनगर पहुंचेगी और फिर पूर्व निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन रात 10:45 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में 12534 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-लखनऊ जंक्शन पुष्पक एक्सप्रेस 26 जनवरी से सुबह 8:25 बजे सीएसएमटी से चलकर अगले दिन सुबह 7:35 बजे बादशाहनगर पहुंचेगी और लखनऊ जंक्शन के स्थान पर सुबह 8:00 बजे गोमती नगर स्टेशन पर यात्रा समाप्त करेगी।
दूरी बढ़ी, किराया वही रहेगा
स्टेशन बदलने के चलते लखनऊ जंक्शन से मुंबई की दूरी जहां 1428 किलोमीटर थी, वहीं गोमती नगर से यह दूरी 1441 किलोमीटर हो जाएगी। हालांकि, रेलवे ने स्पष्ट किया है कि दूरी बढ़ने के बावजूद यात्रियों के किराये पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस भी गोमती नगर से
15053 छपरा-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस 26 जनवरी से छपरा से शाम 7:35 बजे चलकर अगले दिन लखनऊ जंक्शन के बजाय सुबह 7:55 बजे गोमती नगर पहुंचेगी। वापसी में 15054 लखनऊ जंक्शन-छपरा एक्सप्रेस अब लखनऊ जंक्शन से नहीं, बल्कि गोमती नगर से रात 9:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:20 बजे छपरा पहुंचेगी।
लखनऊ होकर चार फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन
उत्तर रेलवे की ओर से 23 से 26 जनवरी के बीच दिल्ली और वाराणसी के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी के अनुसार 04024 स्पेशल ट्रेन 23 और 25 जनवरी को दिल्ली से शाम 7:25 बजे चलकर गाजियाबाद और मुरादाबाद होते हुए सुबह 3:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां 10 मिनट रुकने के बाद ट्रेन रायबरेली और मां वेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ स्टेशन होते हुए सुबह 9:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वापसी में 04023 स्पेशल ट्रेन 24 और 26 जनवरी को वाराणसी से शाम 6:35 बजे चलकर रात 12:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी और फिर आगे बढ़ते हुए सुबह 8:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

