Top Newsदेशराज्य

एक बिल्डिंग, 3 मंजिल और 10 होटल… कोलकाता अग्निकांड के बाद बड़ा सवाल, मंत्री बोलीं- परमिट और फायर लाइसेंस की होगी जांच

कोलकाता: न्यू मार्केट इलाके की फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित एक होटल में मंगलवार-बुधवार की देर रात करीब 2 बजे लगी भीषण आग में एक बच्चे और दो महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच के तहत दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है।

पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल बुधवार को मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी पहुंची है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किए जाने की बात कही गई है।

एक ही इमारत में चल रहे थे 10 होटल

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि सरकार एक टीम गठित करने पर विचार कर रही है, जो यह जांच करेगी कि वहां संचालित हो रहे होटलों के पास वैध परमिट और अग्निशमन लाइसेंस हैं या नहीं। उन्होंने बताया कि एक ही इमारत की तीन मंजिलों पर 10 होटल संचालित हो रहे थे और इनमें छोटे-छोटे कमरे बने हुए थे। मंत्री ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था की अनुमति नहीं दी जा सकती।

मंत्री ने यह भी कहा कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मृतक या प्रभावित लोगों में बांग्लादेशी नागरिक हैं या भारतीय। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही होगी। उन्होंने कहा कि मामले में निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद होगा अगला फैसला

अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि फिलहाल उन्होंने मुख्यमंत्री से इस संबंध में बातचीत नहीं की है। मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद ही आगे की कार्रवाई और किसी घोषणा के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। इस बीच पुलिस और संबंधित टीमें घटनास्थल पर जांच में जुटी हैं।

-------------------------------------------------------------------------------------------

आधी रात लगी आग, धुएं से फंसे लोग

अग्निशमन विभाग के अनुसार, होटल में आग रात करीब दो बजे लगी। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि होटल से सबसे पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। आग होटल से बाहर निकलने वाले रास्ते के आसपास भी फैल गई थी। आधी रात के समय घटना होने के कारण होटल में ठहरे कई लोगों को समय रहते आग की जानकारी नहीं मिल सकी।

सूचना मिलने के बाद दमकल की चार गाड़ियां और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर होटल के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में नौ लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में छह अन्य लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है।

मृतकों में बच्चा भी शामिल

इस अग्निकांड में मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है। रिपोर्टों के मुताबिक, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी थे, जो इलाज के लिए कोलकाता आए हुए थे। हालांकि, नागरिकता से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद होने की बात कही गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------