बिजनेस

Zepto ने दिया ग्राहकों को झटका, फ्री डिलीवरी के लिए अब 199 रुपए का मिनिमम ऑर्डर जरूरी

नई दिल्ली: क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto ने ग्राहकों के लिए फ्री डिलीवरी की शर्तें बदल दी हैं। अब मुफ्त डिलीवरी का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को कम से कम 199 रुपये का ऑर्डर करना होगा। कंपनी ने मिनिमम ऑर्डर वैल्यू 149 रुपये से बढ़ाकर 199 रुपये कर दी है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बदलाव के बाद Zepto फ्री डिलीवरी की न्यूनतम सीमा के मामले में Blinkit और Instamart जैसी कंपनियों के करीब आ गया है।

मांग बढ़ने पर 299 रुपये तक पहुंची सीमा

रिपोर्ट के मुताबिक, अधिक डिमांड वाले समय या इलाकों में मिनिमम ऑर्डर वैल्यू बढ़कर 299 रुपये तक हो गई है। इससे पहले Zepto कई यूजर्स के लिए यह सीमा 99 रुपये से बढ़ाकर 149 रुपये कर चुका था। यानी कंपनी ने कुछ समय के भीतर ही फ्री डिलीवरी के लिए जरूरी न्यूनतम ऑर्डर वैल्यू में दोबारा बढ़ोतरी की है।

छोटे ऑर्डर पर मुनाफे का गणित सुधारने की कोशिश

Zepto के इस कदम का उद्देश्य छोटे ऑर्डर पर कंपनी की कॉन्ट्रिब्यूशन इकोनॉमिक्स यानी मुनाफे के गणित को बेहतर करना और ग्राहकों का औसत ऑर्डर साइज बढ़ाना माना जा रहा है। हालांकि, मिनिमम ऑर्डर वैल्यू बढ़ने से ग्राहकों की खरीदारी की इच्छा प्रभावित हो सकती है, खासकर उन लोगों की जो कम कीमत के सामान या तत्काल जरूरत की चीजों के लिए क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं।

-------------------------------------------------------------------------------------------

क्विक-कॉमर्स कंपनियों में मुनाफे की होड़

क्विक-कॉमर्स सेक्टर में कंपनियां ऑर्डर इकोनॉमिक्स और डिलीवरी लागत को बेहतर करने के साथ ग्राहक संख्या बनाए रखने के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही हैं। इसी वजह से कंपनियां लगातार डिलीवरी फीस, कीमतों और मिनिमम ऑर्डर वैल्यू में बदलाव कर रही हैं। Zepto के साथ-साथ Swiggy और अन्य प्रमुख क्विक-कॉमर्स कंपनियों के कदमों पर भी बाजार की नजर है।

IPO की तैयारी में Zepto

Zepto को इस साल अप्रैल में IPO लाने के लिए SEBI से मंजूरी मिल चुकी है। कंपनी की कमान सह-संस्थापक और CEO Aadit Palicha के हाथों में है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में Zepto ने 450 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई थी। उस दौर में कंपनी की वैल्यूएशन 7 अरब डॉलर आंकी गई थी। इस निवेश दौर में अमेरिकी पेंशन फंड CalPERS समेत कई निवेशकों ने हिस्सा लिया था।

---------------------------------------------------------------------------------------------------