महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

बरेली,12जून। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के समिति कक्ष (Committee Room) में कल विश्वविद्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली के सफल एवं सुचारु क्रियान्वयन हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलसचिव श्री महेन्द्र कुमार एवं ई.एम. डी. मैनेजर डॉ. अजय यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में कुलसचिव श्री महेन्द्र कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विश्वविद्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशिक्षण को गंभीरतापूर्वक ग्रहण करने तथा ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा कार्यालयीन प्रक्रियाएं अधिक सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध बनेंगी।
ई.एम. डी मैनेजर डॉ. अजय यादव ने अपने संबोधन में बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने के बाद पत्रावलियों एवं कार्यालयीन फाइलों का निस्तारण अधिक तीव्र गति से किया जा सकेगा। इससे समय एवं संसाधनों की बचत होगी, कागजरहित (Paperless) कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा तथा विश्वविद्यालय के समस्त हितधारकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने बताया की डिजिटल प्रशासन की दिशा में यह विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन श्री नवीन कान्त गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने विस्तृत प्रस्तुतीकरण (Presentation) के माध्यम से ई-ऑफिस प्रणाली के विभिन्न मॉड्यूल, लॉगिन प्रक्रिया, फाइल संचालन, नोटशीट एवं पत्राचार प्रणाली सहित अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। साथ ही प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों एवं तकनीकी जिज्ञासाओं का विस्तारपूर्वक समाधान भी प्रस्तुत किया।
कार्यशाला में उप कुलसचिव श्रीमती ममता सिंह, श्रीमती सुनीता यादव, सहायक कुलसचिव श्री एल. एस. भण्डारी, श्री तपन वर्मा, श्री मयंक अग्रवाल, श्री मनोज पाण्डेय, श्री अजय मौर्य सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
