Passport of India: फ्रांस के पास है दुनिया का सबसे ताकतवर पासपोर्ट, भारत की रैंकिंग में गिरावट

Indian Passport: दुनिया के ताकतवर पासपोर्ट्स की सूची में भारत एक पायदान फिसल गया है। हाल ही में जारी हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2024 के अनुसार, भारत की ताजा रैंकिंग 85 हो गई है। वहीं, दुनिया का सबसे मजबूत पासपोर्ट फ्रांस के पास है। कई देशों की तरफ से वीजा फ्री एंट्री दिए जाने के ऐलान के बाद भी रैकिंग में गिरावट हैरान करने वाली है। इस लिस्ट में 199 पासपोर्ट्स का डेटा जुटाया जाता है।

फ्रांस ने शीर्ष स्थान हासिल किया है क्योंकि उसका पासपोर्ट 194 देशों में वीजा-मुक्त पहुंच प्रदान करता है। 2023 में भारत 84वें स्थान पर था। हालांकि पिछले साल की तुलना में इस साल भारतीय पांच ज्यादा देशों में वीजा फ्री ट्रैवल कर सकते हैं। 2023 में भारत के लोग 57 देशों में बिना वीजा यात्रा कर सकते थे, जबकि इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 62 हो गया है।

ईरान, मलेशिया और थाईलैंड ने हाल ही में भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया था।

दुनिया में 6 देशों के पास सबसे पावरफुल पासपोर्ट है। इनमें जापान, सिंगापुर, स्पेन, फ्रांस, इटली और जर्मनी शामिल हैं। ये रैंकिंग इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के डेटा पर आधारित है। पड़ोसी देश पाकिस्तान के पास दुनिया का चौथा सबसे कमजोर पासपोर्ट है। पाकिस्तान की पासपोर्ट रैंकिंग 106 है। जबकि बांग्लादेश इस साल 101 से 102 पर पहुंच गया है। वहीं मालदीव 58वें स्थान पर है, जिसके नागरिक 96वें देशों में बिना वीजा जा सकते हैं।

चीन व अमेरिका की रैंकिंग में सुधार
चीन की रैंकिंग में कुछ सुधार देखने को मिला है। चीन 2023 में 66वें नंबर पर था, जो अब 64वें पर पहुंच गया है। वहीं, अमेरिका के पासपोर्ट रैंकिग में भी सुधार देखने को मिला है। पहले यह 7वें स्थान पर था। 2024 की हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में अब अमेरिका 6वें स्थान पर पहुंच गया। अमेरिका के लोग 189 देशों में बिना वीजा यात्रा कर सकते हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper