Top Newsदेशराज्य

“PM मोदी मेरे दोस्त”… दिल्ली कार्यक्रम में ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- भारत अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है

नई दिल्ली: भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मौजूदगी में दिल्ली में आयोजित अमेरिकी दूतावास के राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान उस वक्त खास माहौल बन गया, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अचानक वीडियो कॉल पर जुड़ गए। इस दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की और भारत-अमेरिका रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया।

कार्यक्रम में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर संबोधन दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बताया कि एक “स्पेशल गेस्ट” लाइन पर मौजूद हैं। इसके बाद वीडियो कॉल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जुड़े और वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया।

ट्रंप ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेहद पसंद हैं और वे उनके बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा, “मोदी मेरे दोस्त हैं और भारत अमेरिका पर 100 फीसदी भरोसा कर सकता है।” ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर भारत को कभी किसी मदद की जरूरत पड़े तो उसे पता है कि किसे कॉल करना है।

भारत-अमेरिका रिश्तों को बताया सबसे मजबूत दौर

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और अमेरिका पहले कभी इतने करीब नहीं रहे। उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और आने वाले समय में यह साझेदारी और गहरी होगी।

ट्रंप ने अमेरिका की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि देश रिकॉर्ड अर्थव्यवस्था और रिकॉर्ड स्टॉक मार्केट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत जो चाहेगा, उसे अमेरिका से पूरा सहयोग मिलेगा।

मार्को रुबियो की भी जमकर तारीफ

अमेरिकी राष्ट्रपति ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मार्को रुबियो अमेरिकी इतिहास के सबसे बेहतरीन विदेश मंत्रियों में गिने जाएंगे। ट्रंप ने कहा कि जब मार्को रुबियो और सर्जियो गोर जैसे लोग साथ हों तो बड़ी उपलब्धियां हासिल होती हैं।

PM मोदी को ‘हैलो’ कहने की अपील

अपने संबोधन के आखिर में ट्रंप ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक उनका संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा, “उन्हें बताइए कि मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं और उनसे दोस्ती मेरे लिए सम्मान की बात है।”

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------