देशराजनीति

PM मोदी ने NDA सांसदों संग लहराया तिरंगा, संसद परिसर में झारखंड मुद्दे पर सत्ता पक्ष का शक्ति प्रदर्शन

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ शुरू हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई नेता तिरंगा लहराते नजर आए। इसी दौरान संसद परिसर में झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और उनके खिलाफ हुई कार्रवाई के मुद्दे को लेकर एनडीए सांसदों ने प्रदर्शन भी किया।

संसद में पोस्टरों के साथ उतरेंगे एनडीए सांसद

संसद पुस्तकालय में हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगे के साथ नजर आए। बैठक के बाद एनडीए सांसद पोस्टर लेकर सदन में प्रवेश करने की तैयारी में थे। इन पोस्टरों के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि सरकार छात्रों के प्रदर्शन पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, जबकि कांग्रेस इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है। सांसदों के पोस्टरों में झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया जाएगा।

पिछले सप्ताह हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक के बाद भाजपा सांसदों ने सरकार की उपलब्धियों और संसद की कार्यवाही को लेकर अपनी बात रखी थी। इस दौरान रोजगार, खेल, आर्थिक विकास और देश में चल रहे विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा गया था। भाजपा सांसदों ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप भी लगाया था।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा था कि भारत तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और रोजगार के मोर्चे पर भी देश की स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया था कि अन्य देशों की तुलना में रोजगार का अनुपात बेहतर हुआ है और बेरोजगारी में कमी आई है। उनके मुताबिक, 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और यह सरकार की नीतियों का परिणाम है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा था कि ‘मंगल मिलन’ बैठक में देश में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने विपक्ष पर संसद में लगातार हंगामा करने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा बाधित करने का आरोप लगाया था। बैठक में सांसदों की सदन में मौजूदगी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि सरकार जरूरी विधेयकों को पारित करा सके।

-------------------------------------------------------------------------------------------

‘मंगल मिलन’ बैठक में क्या तय होता है?

‘मंगल मिलन’ एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक रणनीतिक बैठक का नया नाम है। इसका उद्देश्य गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और रचनात्मक चर्चा को बढ़ावा देना है।

संसद सत्र के दौरान सदन की रणनीति तैयार करने और विभिन्न सहयोगी दलों के बीच सहमति बनाने में इस बैठक की भूमिका अहम रहती है। इसके जरिए एनडीए के सहयोगी दलों के साथ तालमेल बढ़ाने और संसद में सरकार की रणनीति को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा की जाती है।

बैठक में एनडीए सांसदों की सदन में बहस और चर्चा में भागीदारी को लेकर भी रणनीति बनाई जाती है। इसके अलावा प्रमुख सहयोगी दलों के नेताओं को अलग-अलग मुद्दों पर बोलने की जिम्मेदारी और समय तय करने में भी बैठक मददगार होती है। इसमें शिवसेना, एलजेपी, टीडीपी, जेडीयू समेत अन्य क्षेत्रीय दलों के नेता शामिल होते हैं।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------