Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

पत्नी ने तोड़ा प्रेम संबंध, बौखलाए प्रेमी ने पति को चाकू से गोदा; ब्लैकमेलिंग से शुरू हुआ विवाद, हत्या पर खत्म

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में अवैध संबंधों से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। पत्नी के साथ संबंध खत्म होने से नाराज प्रेमी ने महिला के पति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला को आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था। मृतक पति ने उन्हीं वीडियो को हटवाने के लिए पत्नी के माध्यम से आरोपी को बुलाया था, लेकिन मुलाकात खूनी वारदात में बदल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

नहर किनारे बुलाया, देखते ही कर दिया हमला

पुलिस के अनुसार, कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के जंगल पंचरुखिया के धनुष टोली गांव निवासी 35 वर्षीय हीरालाल की सोमवार को दिन में करीब साढ़े 11 बजे घर से कुछ दूरी पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।

मृतक की पत्नी की तहरीर पर बिहार के गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के रतनचक निवासी शहजाद उर्फ सज्जाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी के अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग से खुला पूरा मामला

जांच में सामने आया कि मृतक हीरालाल को पत्नी और आरोपी के बीच अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसके बाद यह भी पता चला कि आरोपी महिला के आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था।

बताया गया कि हीरालाल ने पत्नी के जरिए आरोपी को गांव के पास नहर पर बुलाया था, ताकि उसके मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो हटवाए जा सकें। दंपती के बुलावे पर आरोपी वहां पहुंचा, लेकिन पति-पत्नी को एक साथ देखकर आगबबूला हो गया।

ताबड़तोड़ चाकू से वार, बचाने पहुंचे युवक पर भी हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले से ही अपने साथ चाकू लेकर आया था। मौके पर पहुंचते ही उसने हीरालाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे चंदन नामक युवक पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

चाकू और मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी शहजाद उर्फ सज्जाद को हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू और एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने क्या कहा

पड़रौना के क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह अवैध संबंधों से जुड़ा विवाद सामने आया है। उनके अनुसार, मृतक की पत्नी के आरोपी से संबंध समाप्त होने और आपत्तिजनक वीडियो के मामले को लेकर विवाद हुआ था। इसी क्रम में आरोपी ने महिला के पति पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने वाले एक अन्य युवक को भी चोटें आई हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------