Tuesday, October 13, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मिशन शक्ति फेज-6.0: गोण्डा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं का सम्मान, डीएम-एसपी ने बढ़ाया हौसला

गोण्डा: मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं, छात्राओं और महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की प्रतिभा एवं उपलब्धियों को पहचान देना, उन्हें प्रोत्साहित करना और समाज में महिला सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

30 किलोमीटर दौड़ पूरी करने वाली अनामिका समेत कई प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में विद्यालय से जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क तक करीब 30 किलोमीटर की दौड़ तीन घंटे 40 मिनट में पूरी करने वाली अनामिका मिश्रा को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। वहीं नारी ज्ञानस्थली महिला महाविद्यालय की संगीत प्राध्यापिका किरन पांडेय को संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान मिला।

चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली डॉ. ज्योत्सना शुक्ला को भी सम्मानित किया गया। नृत्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली उर्मिला पांडेय को 500 से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा निखारने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। नृत्य कला में उपलब्धियों के लिए अविका सुरभित और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली रुचि मोदी को भी सम्मान मिला।

महिलाओं को रोजगार से जोड़ने वाली उद्यमियों का सम्मान

स्वरोजगार और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं को भी कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। चप्पल निर्माण व्यवसाय के माध्यम से करीब 300 से 400 महिलाओं को रोजगार से जोड़ने वाली जानकी भारती को सम्मान दिया गया।

इसके अलावा मसाला पैकिंग और फूलों की खेती के जरिए ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने वाली सीमा मौर्या तथा स्वयं सहायता समूह के माध्यम से अगरबत्ती और धूपबत्ती का व्यवसाय शुरू कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली अभिलाषा को भी सम्मानित किया गया।

खेल क्षेत्र की खिलाड़ियों और महिला पुलिसकर्मियों को भी मिला सम्मान

खेल के क्षेत्र में राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाली शिवानी और अंशी को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी संचालन में योगदान देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को भी कार्यक्रम में सम्मान मिला। जनपद स्तर पर मिशन शक्ति कार्यक्रमों के सफल आयोजन और संचालन के लिए महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा सिंह, प्रभारी WCSO, को सम्मानित किया गया।

महिला उपनिरीक्षक अर्पिता यादव और महिला उपनिरीक्षक पूजा वर्मा को एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीम के तहत संवेदनशील स्थानों पर निगरानी, मनचलों के खिलाफ कार्रवाई और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा महिला आरक्षी नितांशी शुक्ला और महिला आरक्षी संगीता दीक्षित को मिशन शक्ति और महिला थाना से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार सहयोग देने के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं के योगदान की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रयास महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तीकरण की भावना को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------