शारदीय नवरात्रि में दुर्गा पूजा को लेकर महासमिति की बैठक, सफाई से लेकर बिजली व्यवस्था तक उठीं मांगें

गोंडा: आगामी शारदीय नवरात्रि में आयोजित होने वाले श्री दुर्गा पूजा महोत्सव को सकुशल, भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर दुर्गा पूजा समितियों की बैठक श्री झूलेलाल धर्मशाला में हुई। बैठक में विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव और विचार रखे।

पूजा समितियों ने महासमिति से पूजा पंडालों के आसपास लगातार साफ-सफाई की व्यवस्था कराने, पंडालों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को दुरुस्त कराने और पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने की मांग की। इसके साथ ही नवरात्रि के पूरे दौरान बिजली कटौती न होने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी अनुरोध किया गया।
विसर्जन मार्ग को गड्ढामुक्त कराने की मांग
बैठक में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन मार्ग की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। समितियों ने विसर्जन मार्ग की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के साथ पेड़ों की छंटाई समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग रखी।
महासमिति ने कहा कि इन मूलभूत सुविधाओं को लेकर उसका प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जिला प्रशासन से मुलाकात करेगा और व्यवस्थाओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग रखेगा।
शांतिपूर्ण और भक्तिमय आयोजन की अपील
महासमिति के संस्थापक ओमप्रकाश सोनी ने सभी पूजा आयोजकों से श्री दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।
महासमिति के अध्यक्ष अरुण कुमार शुक्ला ने पूजा समितियों से कहा कि महासमिति और प्रशासन के बीच स्थापित समन्वय के अनुसार पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने विसर्जन के दिन समितियों से प्रतिमाओं को निर्धारित समय पर विसर्जन स्थल की ओर रवाना करने की अपील की।
-------------------------------------------------------------------------------------------
पूजा क्षेत्रों में चार पहिया वाहनों पर रोक की मांग
महासमिति के महामंत्री राकेश वर्मा गुड्डू ने कहा कि दुर्गा पूजा का आयोजन पूर्व की तरह परंपरागत, सौहार्दपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने के लिए महासमिति प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन से प्रतिमा स्थापना वाले क्षेत्रों में पूजा अवधि के दौरान चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद करने का अनुरोध किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं और माता-बहनों को आवागमन में किसी तरह की असुविधा न हो।
सेवा वाहिनी में शामिल होंगे हर समिति के दो युवा
महामंत्री ने बताया कि प्रत्येक पूजा समिति से दो युवाओं के नाम मांगे गए हैं। ये युवा केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति की सेवा वाहिनी के सदस्य के रूप में कार्य करेंगे। पूजा अवधि से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सेवा वाहिनी के सदस्य सहयोग करेंगे।
बैठक में संदीप मल्होत्रा, छोटू महंत, राजा बाबू, गुप्ता भरत गिरी, अमित गुप्ता, बड़कऊ गुप्ता, बबलू वर्मा, कमल बाबा, आनंद वर्मा, सोनू सोनकर, आशीष मोदनवाल, बच्चा रस्तोगी, दिनेश कश्यप, विकास जायसवाल, अतुल श्रीवास्तव, अंकुर गर्ग, अप्पू कौशल, अजय सिंहर, श्याम चंद्र गुप्ता, दीपक मराठा, बृजेश सिंहर, सदन कश्यप, बबन यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

