Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोण्डा में महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भागे थे दो बदमाश, पुलिस ने दबोचा; चेन, बाइक, 3 मोबाइल और तमंचा बरामद

गोण्डा: परसपुर थाना क्षेत्र में महिला से हुई चेन छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। थाना परसपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छिनैती की गई पीली धातु की चेन, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और .315 बोर का अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदेश सिंह उर्फ राज सिंह निवासी वैशन पुरवा पसका और करन सिंह उर्फ अन्तिम सिंह निवासी वैशन पुरवा पसका, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई है।

मदद के बहाने बाइक पर बैठी थी महिला

पुलिस के अनुसार 2 सितंबर को ममता सिंह अपनी करीब आठ वर्षीय बेटी और मां के साथ अपने मायके ग्राम चौहरजा पुरवा, मौजा मधईपुर कुर्मी से लखनऊ के लिए निकली थीं। पैर में तकलीफ होने के कारण उन्होंने परसपुर की ओर जा रहे मोटरसाइकिल सवार से मदद मांगी।

मोटरसाइकिल सवार ने तीनों को बाइक पर बैठाकर परसपुर की ओर ले जाना शुरू किया। इसी दौरान करीब दोपहर 3:10 बजे मोल्हू पुरवा गांव के पास पीछे से काले-लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से करीब एक तोला वजन की सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में परसपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

बाईपास पुलिया के पास पुलिस ने घेरा

घटना के खुलासे के लिए परसपुर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस की टीम क्षेत्र में लगातार सक्रिय थी। भौरीगंज रोड बाईपास पुलिया के पास पुलिस टीम वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान चरहुआ बाईपास की तरफ से मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।

दोनों आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

-------------------------------------------------------------------------------------------

एक आरोपी के पास चेन, दूसरे से तमंचा बरामद

पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान आदेश सिंह के कब्जे से पीली धातु की चेन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं करन सिंह के पास से दो मोबाइल फोन, .315 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला।

बरामद चेन के बारे में पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने 2 सितंबर को मोल्हू पुरवा के पास महिला से चेन छिनैती की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

करन सिंह पर पहले से कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार करन सिंह उर्फ अन्तिम सिंह के खिलाफ वर्ष 2024 में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा चेन छिनैती और अवैध हथियार से जुड़े मौजूदा मामले भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल किए गए हैं।

वहीं आदेश सिंह उर्फ राज सिंह के खिलाफ वर्ष 2026 में मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। चेन छिनैती का मौजूदा मुकदमा भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल है।

दो मुकदमे दर्ज, पुलिस टीम को मिली सफलता

दोनों आरोपियों के खिलाफ परसपुर थाने में मुकदमा संख्या 405/2026 के तहत धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा करन सिंह के खिलाफ मुकदमा संख्या 410/2026 में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी/स्वाट प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार, थानाध्यक्ष कमलशंकर चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक अमन कन्नौजिया, उपनिरीक्षक आकाशदीप समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------