“पहले भाजपा फिजिकल फ्रॉड कर रही थी, अब डिजिटल फ्रॉड कर रही है”, गोंडा में मनीष जगन अग्रवाल का भाजपा पर तीखा हमला

गोण्डा, 10 सितम्बर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर देवीपाटन मंडल का पीडीए समाजवादी व्यापारी सम्मेलन गांधी पार्क स्थित टाउन हाल में आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल पहुंचे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में देवीपाटन मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारी, पार्टी नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।

सम्मेलन में व्यापारी नेताओं और सपा पदाधिकारियों ने लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों और सर्व समाज के हितों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में व्यापारी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। गोंडा में हुए इस कार्यक्रम के संरक्षक सपा नेता सूरज सिंह और आयोजक जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रहे।
जीएसटी से लेकर ऑनलाइन कारोबार तक व्यापारियों की समस्याएं गिनाईं
सम्मेलन में शामिल व्यापारियों ने भाजपा सरकार पर शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सामने लगातार नई समस्याएं खड़ी हो रही हैं। जीएसटी, व्यापारियों से धनउगाही, ऑनलाइन खरीदारी से जुड़ी दिक्कतों और रेहड़ी-पटरी व ठेला कारोबारियों के स्थायीकरण जैसे मुद्दों को लेकर उन्होंने अपनी समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि हर तरफ भ्रष्टाचार व्याप्त है।
पत्रकारों से बातचीत में मनीष जगन अग्रवाल ने कहा कि पूरे प्रदेश का व्यापारी त्रस्त और बदहाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भगवान राम और व्यापारियों को लूटा है। उनके मुताबिक जीएसटी और अन्य माध्यमों से व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है और पुलिस भी लूट में शामिल हो गई है।
उत्तर प्रदेश को राजनीतिक अपराध का अड्डा बनाने का आरोप
मनीष जगन अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश संगठित राजनीतिक अपराध का अड्डा बन गया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में अपराध हो रहा है और व्यापारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। उनके मुताबिक सरकार बनने के बाद हर अपराध का हिसाब लिया जाएगा।
-------------------------------------------------------------------------------------------
राम मंदिर मामले को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
राम मंदिर से जुड़े चोरी के मामले पर मनीष जगन अग्रवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भाजपा फिजिकल फ्रॉड कर रही थी और अब डिजिटल फ्रॉड कर रही है। उन्होंने राम मंदिर में चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी और हीरे-जवाहरात की चोरी का आरोप लगाया।
समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर व्यापारियों का सबसे बड़ा सम्मान किया जाएगा।
सपा नेताओं ने भी सम्मेलन को किया संबोधित
कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, पूर्व मंत्री योगेश प्रताप, पूर्व एमएलसी महफूज खान, संजय सविता, सरफराज हुसैन, विजय जायसवाल और शमीम अच्छन ने भी संबोधित किया।
सम्मेलन में महेंद्र छाबड़ा, अजीत सलूजा, सरदार पिंटू सिंह, आकाश जायसवाल, फहीम पप्पू, शिवसम्पत, शीतल सिंह, गुरुदेव पाण्डेय, मोहित माहेश्वरी, विनोद शुक्ला, दिग्विजय देव, ओमी सिंधी, बंटी वाधवानी, राकेश कलानी, हामिद अली, जीतेन्द्रनाथ सप्पू, शिवराज, यश प्रताप, गुलशन, रनंजय, रविन्द्र, जयसिंह पाण्डेय, शिवकुमार विश्वकर्मा, बिक्कू, शुभम, मंगल साहू, अजय गुप्ता, आनंद कसौधन, नलिन पाण्डेय, जेपी श्रीवास्तव, जयचंद, राजेश मिश्र, अफजल, विकास मोदनवाल, शिवम कश्यप, सरपंच यादव, अतिन गर्ग, पप्पू सिंह, जीतबहादुर, ऋषिकेश पाठक, विपलव साहू, रोहित सोनकर, अंकित पाण्डेय, मोहित सैनी, बबलू बाबा, वीरू साहू समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

