अपर मुख्य सचिव श्रीमती वीना कुमारी करेंगी मिठास मेले का उद्घाटन, तीन लाख सिंगल बड बीजों का होगा वितरण

शाहजहांपुर, 29 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर में 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मिठास मेले का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव, गन्ना एवं चीनी उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, श्रीमती वीना कुमारी करेंगी। यह जानकारी परिषद के निदेशक श्री अभिषेक आनंद ने दी।
निदेशक श्री अभिषेक आनंद ने बताया कि मेले का प्रमुख आकर्षण उन्नत गन्ना किस्मों के सिंगल बड बीजों का वितरण होगा। इस अवसर पर नवीन गन्ना किस्म को.शा. 23232 के दो लाख तथा को.शा. 19231 के एक लाख सिंगल बड बीज, कुल तीन लाख सिंगल बड, किसानों को वितरित किए जाएंगे। इससे किसानों को उन्नत किस्मों की गुणवत्तायुक्त रोपण सामग्री उपलब्ध कराने तथा गन्ना उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मेले में गन्ना विभाग एवं चीनी मिलों द्वारा तकनीकी प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से किसानों को नवीन गन्ना किस्मों, वैज्ञानिक खेती की विधियों, कृषि यंत्रीकरण तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कृषक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, प्रदेश के विभिन्न परिक्षेत्रों से चयनित प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला स्वयं सहायता समूहों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
निदेशक ने कहा कि मिठास मेले का उद्देश्य गन्ना अनुसंधान की नवीनतम उपलब्धियों एवं आधुनिक तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना, उन्नत खेती को बढ़ावा देना तथा गन्ना किसानों की उत्पादकता और आय में वृद्धि के लिए उन्हें प्रेरित करना है। मेले में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से किसान, कृषि विशेषज्ञ, गन्ना विभाग के अधिकारी एवं चीनी मिलों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। शाहजहाँपुर से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
