कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद बड़ा ऐक्शन, मालिक की 3 दुकानें ध्वस्त; आधी रात पुलिस मुठभेड़ में नौशाद गिरफ्तार
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे में 11 लोगों की मौत के बाद फैक्ट्री मालिक नौशाद की तीन दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। वहीं मंगलवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद नौशाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हुआ है।
विस्फोट के कुछ घंटे बाद ही चला बुलडोजर

प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर चरवा के चिल्ला शहबाजी गांव में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के मकान और बूंदी का कारखाना भी ढह गए। हादसे में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोगों के लापता होने की बात सामने आई। घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन सक्रिय हुआ। सोमवार देर शाम फैक्ट्री मालिक की मनौरी बाजार स्थित तीन दुकानों को बुलडोजर से गिरा दिया गया। अधिकारियों के अनुसार इन दुकानों का इस्तेमाल पटाखों के गोदाम के तौर पर किया जा रहा था।
तीनों दुकानों में रखा था पटाखों का सामान
फैक्ट्री मालिक नौशाद और उसके परिवार की मनौरी बाजार में तीन दुकानें थीं। इनमें से एक रेलवे ओवरब्रिज के नीचे और दो बाजार क्षेत्र में स्थित थीं। आरोप है कि इन दुकानों में पटाखों का भंडारण किया जाता था। डीएम अमित पाल शर्मा और एसपी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर एसडीएम चायल प्रेरणा गौतम और डीएसपी शिवांक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई।
मकान पर भी कार्रवाई की तैयारी
दुकानों को ध्वस्त किए जाने के बाद अधिकारियों के स्तर पर नौशाद के मकान को लेकर भी कार्रवाई पर विचार किया गया। देर रात तक इस संबंध में मंथन चलता रहा। फिलहाल मकान को लेकर अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। प्रशासन की कार्रवाई से संकेत मिले हैं कि मामले में आगे भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
-------------------------------------------------------------------------------------------
पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार मंगलवार तड़के सैयद सरावां-तेरहमील मार्ग पर काजीपुर मोड़ के पास एसओजी और पुलिस टीम ने नौशाद की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर नौशाद ईंट भट्ठे की तरफ भागा और पुलिस टीम पर दो राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने नौशाद के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद करने का दावा किया है। डीएसपी चायल शिवांक सिंह के मुताबिक नौशाद महमूदपुर मनौरी का रहने वाला है।
अवैध पटाखा और विस्फोटक सामग्री रखने का आरोप
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नौशाद ने आर्थिक लाभ के लिए अपने साथियों के साथ पावर हाउस के पास बने गोदाम में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री तैयार करने तथा रखने की बात स्वीकार की है। हादसे के बाद एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की थीं। अब पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

