Tuesday, October 13, 2026
Latest:
मनोरंजन

पुष्पा इम्पॉसिबल’ के कलाकार समृद्धि बावा और मुस्कान बामने ने साझा किए अपने पसंदीदा नवरात्रि पल, गरबा नाइट्स और स्वादिष्ट व्यंजनों की यादें


मुंबई, अक्टूबर, 2026: नवरात्रि एक ऐसा त्यौहार है, जो अपने साथ संगीत, उत्सव, परिवार और प्रिय परंपराएँ लेकर आता है। कई लोगों के लिए यह एक ऐसा समय होता है, जब वे एक साथ मिलते हैं, गरबा नाइट्स का आनंद लेते हैं और अपने प्रियजनों के साथ त्यौहार की खुशी मनाते हैं। सोनी सब के ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में अश्विन (समृद्धि बावा) और शनाया (मुस्कान बामने) ने उनके लिए नवरात्रि को खास बनाने वाली अपनी पसंदीदा परंपराओं और इस त्यौहार से जुड़ी व्यक्तिगत यादों के बारे में खुलकर बात की।

अश्विन का किरदार निभा रहे समृद्धि बावा ने साझा किया, “नवरात्रि के बारे में मुझे सबसे अच्छी लगने वाली बातों में से एक है त्यौहार के दौरान अलग-अलग पंडालों में जाना। मुझे यह देखना बहुत पसंद है कि हर पंडाल का अपना अलग माहौल, सजावट और ऊर्जा होती है और परिवार व दोस्तों के साथ इसका अनुभव करना हमेशा खास लगता है। नवरात्रि के दौरान मिलने वाले विशेष व्यंजनों का भी मैं बेसब्री से इंतजार करता हूँ, खासकर अलग-अलग त्यौहारों के व्यंजन और व्रत में खाए जाने वाले पकवानों का स्वाद लेने के लिए। पुष्पा इम्पॉसिबल के सेट पर नवरात्रि मनाना भी उतना ही खास होता है, क्योंकि हमें बापोदरा चॉल में उस उत्सव की भावना को जीवंत करने और इन खूबसूरत पलों को साथ मिलकर मनाने का मौका मिलता है।”

शनाया का किरदार निभा रहीं मुस्कान बामने ने साझा किया, “मेरे लिए नवरात्रि का मतलब है अपनी पसंदीदा घाघरा-चोली पहनना और दोस्तों के साथ गरबा खेलने जाना। मुझे तैयार होने का पूरा उत्साह बहुत पसंद है, चाहे वह अपना आउटफिट चुनना हो या फिर संगीत की धुन पर सबके साथ मिलकर नाचना। यह एक बेहद मजेदार और ऊर्जा से भरपूर त्यौहार है और मैं हमेशा अपने दोस्तों के साथ उन शामों को बिताने का इंतजार करती हूँ। हमने पुष्पा इम्पॉसिबल की शूटिंग के दौरान भी नवरात्रि मनाई है, इसलिए उस त्यौहार वाली ऊर्जा को सेट पर लेकर आना भी बेहद खूबसूरत अनुभव रहा है।”
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ देखें, हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।

---------------------------------------------------------------------------------------------------