प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कोई हैसियत नही है-अखिलेश एमपी विस चुनाव में कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन में किया धोखा-अखिलेश

सीतापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बीजेपी के साथ साथ कांग्रेस को भी अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कांग्रेस के बड़े नेताओं पर वादाखिलाफी करने का आरोप जड़ते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की हैसियत को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए।
सपा मुखिया अखिलेश यादव आज शाहजहांपुर जाते समय समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव के आवास पर कुछ देर के लिए रुके थे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जब वह वहां पहुंचे तो पार्टी नेताओं के साथ मीडिया का जमावड़ा लग गया। इस दौरान पत्रकारों ने सवाल करना शुरू किया तो अखिलेश यादव मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर सपा की उपेक्षा किये जाने पर जमकर अपनी नाराजगी जाहिर की और यहां तक कि कह डाला कि कांग्रेस पार्टी अपने चिरकुट नेताओ से हमारी पार्टी को बुलवाना बन्द करे। इसके अलावा उन्होंने ऐसे कांग्रेस नेताओं की भाजपा से सांठगांठ होने का भी आरोप जड़ा। एक पत्रकार द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के एक बयान पर प्रतिक्रिया के लिए सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कोई हैसियत नहीं है। ऐसे नेताओं के बयान पर वह कोई टिप्पणी नही करेंगे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि इंडिया गठबंधन विधानसभा चुनाव में लागू नहीं है अन्यथा मध्य प्रदेश के चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर वह कांग्रेस के नेताओ के साथ अपने पार्टी के नेताओं की कोई बैठक नहीं होने देते। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने सपा नेताओ के साथ बैठकें की थीं जिसमे प्रत्याशी चयन को लेकर चर्चाओं का दौर चला। उन नेताओं ने सपा को छह सीट देने का आश्वासन भी दिया था लेकिन बाद में कांग्रेस नेताओ ने धोखा दे दिया। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि इंडिया गठबंधन दिल्ली के लिए हो। जब समय आएगा तो ऐसे प्रस्ताव पर पार्टी द्वारा निर्णय लिया जायेगा।
राजधानी लखनऊ से शाहजहांपुर जा रहे सपा मुखिया से जब एक पत्रकारों ने आगे रामपुर जाकर सपा नेता आज़म खान से मिलने के बारे में पूंछा तो वे एकदम से उखड़ गए। उन्होंने कहा कि हम लोग उनके संपर्क में है और यह हमारी पार्टी और परिवार का मामला है आप लोग इसे राजनीतिक रूप देने का प्रयास न करें। हम लोग इसे अपने हिसाब से देख रहे हैं। इज़राइल और गाज़ा के बीच चल रहे युद्ध को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि कोई भी युद्ध के पक्ष में नहीं है। हमारे यहां और भी तमाम समस्याएं हैं। आज प्रदेश में धान खरीद को लेकर किसान परेशान हैं। धान खरीद का कोई इंतजाम नहीं है। सड़को पर सांड घूम रहे हैं, लखनऊ से यहां के बीच हाइवे पर उन्हें काफ़ी सांड दिखाई दिए हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी बीजेपी का मुकाबला कर रही है और उसे हराएगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव, एमएलसी जासमीर अंसारी, विधायक अनिल वर्मा, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता आदि लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper