बीबीएयू में ‘खेलो इंडिया संवाद’ के जरिए खेलों के महत्व पर मंथन, प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस दौरान खेलों के महत्व, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रवीण सिंह और गोरखपुर की 15 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी प्रिया सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, प्रो. पवन कुमार चौरसिया और डॉ. मनोज कुमार डडवाल समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी, खिलाड़ी और विद्यार्थी मौजूद रहे। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत और आभार व्यक्त किया।
खेल अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश के युवाओं को खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराया है।
उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से खेलों के महत्व, खेल संस्कृति के विकास और युवाओं की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा मिल रहा है। कुलपति ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेलों को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सशक्त, अनुशासित और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं।
प्रधानमंत्री के संबोधन का विद्यार्थियों ने देखा लाइव प्रसारण
इसी क्रम में विश्वविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों को संबोधित किया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल सिर्फ पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और भारत को सशक्त खेल राष्ट्र बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा। संबोधन के दौरान खेलों को लेकर प्रधानमंत्री की बातों से विद्यार्थी और उपस्थित प्रतिभागी उत्साहित नजर आए।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ने युवाओं को किया प्रेरित
कार्यक्रम में पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रवीण सिंह और 15 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी प्रिया सिंह ने भी विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करते हैं।
उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि के अनुसार किसी न किसी खेल को अपनाने और नियमित रूप से खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने की अपील की। उनके मुताबिक खेलों के जरिए युवा अपनी क्षमताओं को पहचानने के साथ आत्मविश्वास और धैर्य विकसित कर सकते हैं। इसके अलावा खेल चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने युवाओं को ‘खेलो इंडिया’ की भावना के अनुरूप खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

