मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न

बरेली,01 सितम्बर। मण्डलायुक्त शंभू कुमार की अध्यक्षता में कल मण्डलीय समीक्षा बैठक विकास भवन स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में सर्वप्रथम फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा की गई जिस पर उपनिदेशक कृषि को निर्देश देते हुए कहा कि जो भी किसान फार्मर रजिस्ट्री से रह गए हैं उनकी अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री बनाई जाए। उन्होंने कहा कि फर्टिलाइजर की कमी तथा ओवररेटिंग कि किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष व पारदर्शिता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि अति कुपोषित बच्चों से जो बच्चे कुपोषित बच्चों की श्रेणी में आ रहे हैं उनकी फीडिंग में बदायूं इस समय पीछे चल रहा है जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित जिला कार्यक्रम अधिकारी को इसमें सुधार करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात मंडलायुक्त द्वारा पशुपालन विभाग की समीक्षा की गई और निर्देश दिए गए कि सहभागिता योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पशु लोगों को पालने हेतु दिए जाएँ तथा ऐसे गोवंश है जो सड़क पर घूमते रहते हैं तथा उनके कारण दुर्घटनाये होती है अभियान चलाकर उनको संरक्षित किया जाए। समीक्षा के दौरान पाया गया कि गौशालाओं के निर्माण कार्य में बरेली मंडल की गति सुस्त है जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसमें सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गौशालाओं में वर्षा के कारण जल भराव की स्थिति हो जाती है उसकी एक सूची उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि मंडल में जिस भी जनपद में ऐसे विद्यालय हैं जहां से विद्युत की लाइन जा रही हैं अपर निदेशक बेसिक शिक्षा विभाग को इसका सत्यापन करने के निर्देश दिए, जिससे विद्युत विभाग के द्वारा लाईन शिफ्ट करायी जा सके। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जो भी कार्य पूरे होते जा रहे हैं उनकी पहले की स्थिति की फोटो तथा कार्य होने के बाद के स्थिति की फोटो संलग्न कर एक सफलता की कहानी बनाई जाए।
उन्होंने समाज कल्याण की समीक्षा मे पाया कि जनपद बदायूं में समाज कल्याण विभाग द्वारा बनाए गए बालिकाओं के हॉस्टल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये जाएँ । बैठक उन्होंने पाया कि पीलीभीत में बने शैक्षणिक संस्थानों में अधिकतर गैस सिलेंडर की समस्या बनी रहती है जिस पर इसमें सुधार करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उनके द्वारा श्रम विभाग की समीक्षा की गई जिसमें अटल आवासीय विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए की स्वास्थ्य केन्द्रो पर दवाओं की उपलब्धता शत प्रतिशत बनी रहे। बैठक उन्होंने पाया कि जनपद बदायूं में 70 वर्ष से अधिक व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की स्थिति इस समय पीछे चल रही है जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए की इसमें पंचायत सचिव तथा कोटेदार से संपर्क स्थापित किया जाए तथा इसका निरंतर प्रचार प्रसार भी किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को स्कूल में डेंगू तथा मलेरिया से बचाव की जानकारी दी जाए तथा गांव में इसका कैंप भी लगाया जाए जिससे अधिक से अधिक लोग इससे जागरूक हो सके।
बैठक में मंडलायुक्त द्वारा निर्देश दिए गए कि इस समय स्वाइन फ्लू के केस पाए जा रहे हैं जिस पर उन्होंने समस्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पतालों में स्वाइन फ्लू का एक अतिरिक्त वार्ड बनाया जाए।
बैठक उन्होंने समस्त जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि आप लोग सीएम डैशबोर्ड की बैठक करते रहें तथा इसमें लगातार निगरानी भी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यह मा0 मुख्यमंत्री जी की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि जो भी निर्माण कार्य कार्यदायी संस्थाओं द्वारा पूर्ण नहीं हो पाए हैं उन्हें शीघ्र पूर्ण कराकर संबंधित विभाग को हैंडओवर करें तथा निर्माण कार्य की क्वालिटी पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में उन्होंने समस्त मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट प्रेषित की जाए।
इसके पश्चात मंडल आयुक्त द्वारा कर करेत्तर की समीक्षा की गई। जिसके अंतर्गत विद्युत विभाग, स्टांप रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, राजस्व वादों का निस्तारण आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
उन्होंने समस्त जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जिन जगहों पर अवैध शराब बनाई जाने की शिकायतें अधिक आ रही हैं अभियान चलाकर अवैध शराब को नष्ट कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाये।
बैठक में परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जिन जगहों पर अवैध बसों का संचालन अधिक हो रहा है वहां पर अभियान चलाकर इसे बंद कराया जाए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि आई.जी.आर.एस में शिकायत के निस्तारण से संबंधित शिकायतकर्ता से वार्ता भी कर ली जाए कि वह निस्तारण से संतुष्ट है या नहीं जिससे संतुष्टि का फीडबैक बढ़ सके।
बैठक में उपाध्यक्ष बरेली विकास प्राधिकरण सौम्या पांडे, जिलाधिकारी पीलीभीत ज्ञानेंद्र सिंह, जिलाधिकारी शाजापुर धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी पीलीभीत सतीश प्रताप मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी शाहजहांपुर उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी बदायूं गरिमा सिंगला, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या , जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
---------------------------------------------------------------------------------------------------


