उत्तर प्रदेशराजनीति

मायावती का बड़ा ऐलान, यूपी समेत 3 राज्यों में अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी रणनीति साफ कर दी है। बसपा प्रमुख मायावती ने मंगलवार को कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश के साथ पंजाब और उत्तराखंड में भी किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन या समझौता किए बिना अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पार्टी संगठन को चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए।

लखनऊ में हुई बैठक में मायावती ने पंजाब में पार्टी के जनाधार और संगठन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए पूरी ताकत से जुटने को कहा। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कर्मठ एवं ईमानदार लोगों को उम्मीदवार बनाने पर जोर दिया।

मायावती ने कहा कि चुनावी गठबंधन से बसपा को सीटों और वोट प्रतिशत, दोनों स्तरों पर नुकसान उठाना पड़ता है। इसी वजह से उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में पार्टी अकेले चुनाव मैदान में उतरने का फैसला कर चुकी है।

बसपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से विरोधियों के सभी साम-दाम-दंड-भेद के हथकंडों का सामना करते हुए बेहतर चुनावी परिणाम के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

-------------------------------------------------------------------------------------------

मायावती ने आगामी 9 अक्टूबर को पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि के कार्यक्रम की तैयारियों को पिछले वर्ष जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरा करने को कहा। इसके अलावा 15 जनवरी 2027 को ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के अवसर पर बसपा की ओर से किए जाने वाले आर्थिक सहयोग को पिछली बार से बेहतर करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के जरिए अंबेडकरवादी विचारधारा और बसपा आंदोलन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। मायावती ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य गरीब, बेरोजगार और वंचित वर्गों को गरीबी और बेरोजगारी से मुक्ति तथा आत्मसम्मान के साथ जीवन का अवसर देने वाली नीतियों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने संगठन को आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह सक्रिय और तैयार रखने के निर्देश दिए।

---------------------------------------------------------------------------------------------------